‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर सागर में भी हंगामा, टॉकीज में फिल्म लगी तो विरोध तय

Last Updated:

Yadav Ji Ki Love Story Protest: सागर में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म रिलीज से पहले यादव समाज ने विरोध जताया, जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर फिल्म बैन की मांग की और उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी. जानें समाज ने क्या बोला…

Sagar News: 27 फरवरी को ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म सिनेमा घरों में रिलीज होने जा रही है. लेकिन, फिल्म रिलीज होने से पहले ही विरोध शुरू हो गया है. सागर में यादव समाज ने जिला प्रशासन और सिनेमा घरों के मालिकों को चेतावनी दी कि अगर जिले में इस फिल्म का प्रदर्शन किया गया तो फिर टॉकीज में होने वाली तोड़फोड़ और अन्य उग्र प्रदर्शन के लिए जिम्मेदारी आपकी की होगी. इसको लेकर यादव समाज ने जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है.

समाज के लोगों को कहना है कि जो फिल्म बनाना चाहते हैं, वो यादव समाज के संघर्ष से लेकर संसद तक के इतिहास पर फिल्म बनाएं, इस तरह से अपमानित करने का काम न करें. सागर की यादव महासभा ने जिला प्रशासन को एक शिकायती ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें फिल्म को बैन करने, सागर के सिनेमा घरों में रिलीज नहीं करने जैसी प्रमुख मांगें उठाईं.

यादव समाज का इतिहास बताएं, अपमानित न करें…
यादव महासभा के जिला अध्यक्ष शिव शंकर गुड्डू यादव ने कहा, ओम ठकुरानी प्रोडक्शन द्वारा एक पिक्चर का निर्माण किया गया है, जिसका नाम ‘यादव जी की लव स्टोरी’ है. इसमें एक यादव समाज की लड़की को एक अन्य वर्ग के लड़के के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया है. जिसका हम लोग विरोध करते हैं. यादव समाज सदैव राष्ट्र निर्माण समरसता में विश्वास रखता है. सन 1857 के संग्राम से लेकर हमेशा ही समरसता का संदेश दिया है. इस फिल्म की वजह से हम सब की भावनाएं आहत हुई हैं. चेताया, अगर सागर में फिल्म चलाई गई तो टॉकीज में उग्र प्रदर्शन करेंगे. इसकी जिम्मेदारी सागर जिला प्रशासन और मध्य प्रदेश सरकार की होगी.

यादव समाज को टारगेट किया गया
बब्बू यादव ने कहा, इस फिल्म की वजह से समाज को टारगेट किया गया है. मैं निर्माता से आग्रह करता हूं कि उनको अगर फिल्म बनानी है तो यादव समाज के इतिहास पर फिल्म बनाएं. ये फिल्म समाज को तोड़ने का काम कर रही है. जितेंद्र रोहन का कहना है कि जो फिल्म रिलीज हो रही है, उससे पूरा यादव समाज आहत हो रहा है. अगर शहर में पिक्चर रिलीज होती है तो निश्चिततौर पर टॉकीज में तोड़फोड़ होगी. वीरेंद्र यादव ने बताया, भगवान श्रीकृष्ण का चरित्र बताएं और कोई नौटंकी न करें, नहीं तो उनके साथ गलत व्यवहार के जिम्मेदार वो खुद होंगे. अनुज यादव ने फिल्म को बैन करने की मांग की.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *