सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र में विदेशी शराब की अवैध पैकारी का मामला सामने आया है। बुधवार को ग्राम रायखोर में ग्रामीणों ने अवैध शराब ले जा रहे एक बाइक सवार को पकड़ा, जिसके बाद मौके पर एक जीप पहुंचने से माहौल गरमा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव-गांव में शराब की अवैध बिक्री से सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। बाइक से 30 पेटी शराब के साथ युवक पकड़ा ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार को एक युवक बाइक पर एक झोले में बड़ी मात्रा में शराब लेकर रायखोर पहुंचा था। शक होने पर ग्रामीणों ने उसे रोका और तलाशी ली। आरोप है कि झोले में लगभग 30 पेटी शराब थी, जिसे बाइक के पिछले हिस्से में विशेष रूप से फिट किया गया था। ग्रामीणों ने तत्काल युवक को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा युवक को पकड़े जाने के महज पांच मिनट के भीतर एक जीप मौके पर पहुंची। इस जीप में कथित तौर पर शराब दुकान के कर्मचारी सवार थे। ग्रामीणों और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, और इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर शराब ले जा रहा युवक मौके से भाग निकला। ग्रामीणों का आरोप-खुलेआम शराब बिकवाई जा रही स्थानीय निवासी सनी सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में खुलेआम शराब बिकवाई जा रही है, जिससे झगड़े बढ़ रहे हैं और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग रहा है। सिंह ने दावा किया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि शिकायतकर्ताओं को धमकियां मिल रही हैं। अधिकारी ने कहा-ऊपर से प्रेशर है, कार्रवाई नहीं कर सकता इस मामले में आबकारी विभाग का पक्ष जानने के लिए आबकारी अधिकारी एस. के. सिंह से संपर्क किया गया। उन्होंने कैमरे के सामने आने से इनकार कर दिया और संक्षिप्त प्रतिक्रिया में कहा, “मैं इस बारे में कुछ नहीं बोल सकता, ऊपर से प्रेशर है, कार्रवाई नहीं कर सकता।” .