Last Updated:
Vitamin C Serum Myths vs Reality: सोशल मीडिया पर वायरल कई वीडियो में यह दावा किया जा रहा है कि विटामिन C सीरम आपकी स्किन के लिए रामबाण साबित हो सकता है. इसका नियमित इस्तेमाल करने से आपकी स्किन गोरी हो सकती है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो विटामिन C एक एंटीऑक्सीडेंट है, जो काले धब्बों और पिग्मेंटेशन को कम करके स्किन को हेल्दी और चमकदार बनाता है. हालांकि यह आपकी स्किन टोन को नहीं बदल सकता है.
विटामिन C सीरम आपकी स्किन टोन को नहीं बदल सकता है.
Vitamin C Serum Health Benefits: स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाने के लिए लोग हर संभव कोशिश करते हैं. कभी नेचुरल चीजों को स्किन पर लगाते हैं, तो कभी बाजार में मिलने वाले स्किन केयर प्रोडक्ट्स का यूज करते हैं. आजकल विटामिन C सीरम यूज करने का ट्रेंड बढ़ रहा है और सोशल मीडिया पर भी इससे जुड़े तमाम दावे किए जा रहे हैं. कई लोग दावा करते हैं कि विटामिन C सीरम लगाने से लोगों की स्किन गोरी हो सकती है और उस पर निखार आ सकता है. इस बीच एक बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या विटामिन C सीरम वाकई आपको गोरा बना सकता है? इस बारे में स्किन स्पेशलिस्ट से हकीकत जान लेते हैं.
यूपी के कानपुर स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर और डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. युगल राजपूत ने News18 को बताया कि विटामिन C एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो हमारी स्किन को पॉल्यूशन, सूरज की हानिकारक किरणों और धूल-मिट्टी से बचाने में मदद करता है. विटामिन C हमें खाने-पीने की चीजों से मिलता है और नेचुरल विटामिन C शरीर को अंदर से मजबूत करता है. इसका असर हमारी स्किन पर भी नजर आता है. अगर विटामिन C सीरम की बात करें, तो इसे लगाने से स्किन पर कुछ देर के लिए ग्लो आ जाता है, लेकिन यह परमानेंट नहीं होता है. कुछ देर बाद स्किन फिर से नेचुरल फॉर्म में आ जाती है. इस सीरम से स्किन को गोरा करने की बात पूरी तरह गलत है. लोगों को इस गलतफहमी से बचना चाहिए.
डॉक्टर युगल ने बताया कि विटामिन C सीरम आपकी नेचुरल स्किन टोन को नहीं बदल सकता है. स्किन टोन आपके जीन्स से निर्धारित होता है और इसे किसी भी स्किन केयर प्रोडक्ट से बदला नहीं जा सकता है. विटामिन C सीरम आपको हाइपरपिग्मेंटेशन से कुछ हद तक राहत दिला सकता है. अक्सर लोग इसे बेहतरीन एंटी-एजिंग प्रोडक्ट समझ लेते हैं, लेकिन यह माइल्ड एंटी-एजिंग प्रोडक्ट है. इससे त्वचा को लंबे समय तक जवां रखना संभव नहीं है. अगर आप स्किन को जवां और हेल्दी रखना चाहते हैं, तो विटामिन C से भरपूर चीजों का सेवन करें. जब शरीर में भरपूर विटामिन C होगा, तो उसका असर आपकी स्किन पर अपने आप दिखने लगेगा. बाहरी प्रोडक्ट आपकी स्किन की अंदरूनी सेहत को नहीं बदल सकते हैं.
हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो विटामिन C सीरम लगाने का फायदा तभी मिलता है, जब आप सही कंसंट्रेशन का सीरम यूज करें. शुरुआत में 10% से 15% कंसंट्रेशन वाले सीरम का उपयोग करना चाहिए. इसे हमेशा साफ चेहरे पर लगाना चाहिए और उसके बाद मॉइस्चराइजर का उपयोग जरूरी है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विटामिन C त्वचा को सूरज के प्रति संवेदनशील बना सकता है, इसलिए दिन में इसे लगाने के बाद एक अच्छी गुणवत्ता वाली सनस्क्रीन लगाना कभी न भूलें. अगर सनस्क्रीन नहीं लगाएंगे, तो धूप के कारण स्किन पर पिग्मेंटेशन बढ़ सकता है. हर त्वचा अलग होती है, इसलिए किसी भी वायरल ट्रेंड को अपनाने से पहले अपनी स्किन टाइप को समझना जरूरी है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें