सतना में नत्थू साई गिरोह का बदमाश गिरफ्तार: बकरी लूट मामले में नाबालिग भी पकड़ाया, बोलेरो जब्त – Satna News


सतना पुलिस ने बकरी लूट के एक मामले में कुख्यात अंतर्राज्यीय नत्थू साई गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई 10 लाख रुपये की बोलेरो भी जब्त की है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के शंकरगढ़ इलाके से की गई है। मझगवां थाना क्षेत्र के पटिहर जंगल में 3 फरवरी को रामप्रताप सिंह गोड़ (65) और उनकी पत्नी को बांधकर पीटा गया था। बदमाश उनकी बकरियां लूटकर फरार हो गए थे। टीआई आदित्य नारायण सिंह धुर्वे ने बताया कि दंपति अपनी बकरियां लेकर बरहटा जंगल गए थे। वहां 3-4 अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के बल पर उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने उन्हें पेड़ से बांधकर मारपीट की और बकरियों को चार पहिया वाहन में लादकर ले गए। लुटेरों ने 600 रुपये नकद और महिला से सोने की फुलिया भी छीन ली थी। वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान तीन बकरियां लावारिस हालत में मिली थीं। मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने मामले की पड़ताल की। इसमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ इलाके से जुड़े नत्थू साई गिरोह की संलिप्तता सामने आई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से पता चला कि शंकरगढ़ के बंधवा गांव निवासी मनोज कुमार उर्फ सिट्टी (50) पुत्र रामलाल चौधरी के पास कई चार पहिया वाहन हैं, जिनका इस्तेमाल गिरोह रेकी और लूट के लिए करता है। पुलिस ने गांव में दबिश देकर आरोपी मनोज को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह गैंग लीडर के इशारे पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में घूम-घूमकर रेकी करता था और वारदात के लिए फोटो-वीडियो उपलब्ध कराता था। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य लूट को अंजाम देते थे। मनोज की निशानदेही पर 3 फरवरी की लूट में इस्तेमाल की गई बोलेरो क्रमांक यूपी 70 बीई 2180 को जब्त किया गया। इस वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *