Last Updated:
Why Men Burn Calories Faster: पुरुषों को महिलाओं की तुलना में ज्यादा कैलोरी की जरूरत होती है. इसका मुख्य कारण ज्यादा मसल मास, टेस्टोस्टेरोन हार्मोन का असर और बेसल मेटाबॉलिक रेट है. डाइटिशियन कामिनी सिन्हा के अनुसार पुरुषों की शारीरिक संरचना एनर्जी को तेजी से खर्च करने के लिए बनी है, जिससे उन्हें रोज ज्यादा पोषण की जरूरत होती है.
पुरुषों के हार्मोन्स के कारण भी कैलोरी इनटेक ज्यादा होता है.
Why Men Require More Calories: अक्सर आपने देखा होगा कि पुरुषों को महिलाओं की तुलना में ज्यादा खाने की जरूरत होती है. पुरुषों को भूख ज्यादा लगती है और उनकी खुराक भी महिलाओं से ज्यादा होती है. लोग इसे लोगों की गलतफहमी मान लेते हैं, लेकिन यह फैक्ट है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो एक सामान्य वयस्क पुरुष को प्रतिदिन करीब 2500 कैलोरी की जरूरत होती है, जबकि महिलाओं के लिए यह आंकड़ा 2000 कैलोरी के आसपास रहता है. अब सवाल है कि क्या पुरुषों को महिलाओं की तुलना में ज्यादा कैलोरी की जरूरत होती है? इस बारे में डाइटिशियन से जान लेते हैं.
नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया कि पुरुष और महिलाओं की पोषण संबंधी जरूरत में अंतर होता है. इसकी सबसे बड़ी वजह शारीरिक बनावट में अंतर, मेटाबॉलिज्म, हार्मोन और मांसपेशियों की संरचना है. पुरुषों के शरीर में स्वाभाविक रूप से महिलाओं की तुलना में मसल मास यानी मांसपेशियों की मात्रा अधिक होती है. मांसपेशियां शरीर का वह हिस्सा हैं, जो आराम करते समय भी कैलोरी जलाती हैं. ज्यादा मांसपेशियों का मतलब है हाई बेसल मेटाबॉलिक रेट (BMR). यह वह ऊर्जा होती है, जो शरीर को जीवित रखने और सामान्य अंगों के कामकाज के लिए चाहिए होती है. यही कारण है कि एक ही वजन के पुरुष और महिला में से पुरुष का शरीर ज्यादा एनर्जी खर्च करता है.
डाइटिशियन ने बताया कि हार्मोन्स भी कैलोरी इनटेक में अहम भूमिका निभाते हैं. पुरुषों में मुख्य रूप से टेस्टोस्टेरोन हार्मोन पाया जाता है, जो मसल ग्रोथ और बोन डेंसिटी को बढ़ावा देता है. यह हार्मोन मेटाबॉलिज्म को तेज करने में मदद करता है. इसके उलट महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन ज्यादा होता है, जो शरीर में फैट स्टोरेज बढ़ा देता है. फैट की तुलना में मसल्स ज्यादा एक्टिव टिश्यूज होती हैं, इसलिए टेस्टोस्टेरोन के प्रभाव के कारण पुरुषों का शरीर एनर्जी को तेजी से कंज्यूम करता है. यही वजह है कि पुरुषों को महिलाओं की तुलना में ज्यादा कैलोरी की जरूरत होती है, जो खान-पान से मिलती है.
एक्सपर्ट ने बताया कि पुरुषों को ज्यादा कैलोरी चाहिए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे कुछ भी खा सकते हैं. कैलोरी की क्वालिटी मायने रखती है. पुरुषों को अपनी अतिरिक्त कैलोरी प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्ब्स से लेनी चाहिए. जंक फूड में कैलोरी तो होती है, लेकिन उसकी क्वालिटी बेहद खराब होती है. ऐसे में कैलोरी के लिए जंक फूड का सेवन नहीं करना चाहिए. कैलोरी की अधिकता और शारीरिक गतिविधि की कमी पुरुषों में विसरल फैट का कारण बन सकती है, जो हार्ट डिजीज के जोखिम को बढ़ाता है. इसलिए पुरुषों को संतुलित डाइट लेनी चाहिए और ज्यादा से ज्यादा हेल्दी फूड्स का सेवन करना चाहिए.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें