Last Updated:
Best Flowering Plants For Terrace: फरवरी की सुहानी धूप और हल्का मौसम आपके घर की बालकनी को एक मिनी गार्डन में बदलने का सबसे अच्छा समय है. किसान अर्जुन मौर्या के अनुसार, इस मौसम में लगाए गए पौधों की जड़ें न केवल जल्दी मजबूत होती हैं, बल्कि वे लंबे समय तक फूलों से लदे रहते हैं. चाहे वह औषधीय गुणों वाला सदाबहार हो या महक बिखेरने वाला गुलाब और चंपा, सही चुनाव आपके घर के वातावरण को खुशनुमा बना सकता है. कम देखभाल में ज्यादा फूल देने वाले बोगनविलिया से लेकर पूजा-पाठ के लिए खास गुड़हल तक, जानिए कौन से 5 पौधे आपके गार्डन की शोभा बढ़ाएंगे और उन्हें लगाने का सही तरीका क्या है.
अगर आप अपने घर और बालकनी को रंग-बिरंगा, खूबसूरत और महकदार बनाना चाहते हैं, तो यह सबसे सही समय है. घर की छत पर या खाली पड़े गमलों में कुछ खास फूल लगाकर आप न केवल वातावरण को खुशनुमा बना सकते हैं, बल्कि मानसिक शांति भी पा सकते हैं. प्रगतिशील किसान अर्जुन मौर्या बताते हैं कि इस मौसम में गुलाब, बोगनविलिया, सदाबहार, गुड़हल और चंपा जैसे पौधों को लगाना सबसे फायदेमंद होता है. ये पौधे आपके घर की शोभा बढ़ाने के साथ-साथ आपके जीवन में ताजगी भर देंगे.
फरवरी का महीना गार्डनिंग की शुरुआत के लिए सबसे बेहतर माना जाता है. इस समय न तो कड़ाके की ठंड होती है और न ही झुलसाने वाली गर्मी, जिससे पौधों की जड़ें मिट्टी में जल्दी पकड़ बना लेती हैं. अनुकूल तापमान के कारण पौधों का बढ़ाव भी बहुत तेजी से होता है. ऐसे में अगर आप सही पौधों का चुनाव करते हैं, तो आपकी बालकनी और गार्डन कुछ ही दिनों में फूलों से भर जाएंगे.
गार्डनिंग के शौकीन लोगों के लिए फरवरी में गुलाब का पौधा लगाना सबसे अच्छा रहता है. इसके रंग-बिरंगे फूल बगीचे को खूबसूरती देने के साथ-साथ शानदार महक भी देते हैं. फरवरी और मार्च का समय गुलाब की कटाई-छंटाई और देखभाल के लिए सबसे उपयुक्त है. पौधों को तंदुरुस्त रखने के लिए इसमें जैविक खाद का इस्तेमाल करें. ध्यान रखें कि गुलाब के पौधे को रोजाना कम से कम 4 से 5 घंटे की सीधी धूप मिले ताकि फूल बड़े और चमकदार खिलें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बालकनी को सजाने के लिए बोगनविलिया एक बेहतरीन विकल्प है. इसे बहुत कम देखभाल की जरूरत होती है और यह बहुत तेजी से फैलता है. इसके गहरे गुलाबी, बैंगनी और नारंगी फूल लंबे समय तक टिके रहते हैं. इसे अक्सर लोग दीवार या गेट के पास लगाना पसंद करते हैं. जितनी ज्यादा धूप इस पौधे को मिलेगी, इसके फूल उतने ही ज्यादा चमकदार दिखेंगे. महीने में बस एक-दो बार हल्की छंटाई करने से यह पौधा सही आकार में बना रहता है.
सदाबहार का पौधा जैसा इसका नाम है, वैसा ही इसका काम है. यह पूरे साल हरा-भरा रहता है और इसके छोटे-छोटे फूल देखने में बहुत आकर्षक लगते हैं. इसे फरवरी-मार्च में लगाना सबसे सही है क्योंकि इस समय इसे ज्यादा देखरेख की जरूरत नहीं पड़ती. नियमित पानी और हल्की धूप से यह पौधा तेजी से बढ़ता है. खास बात यह है कि सदाबहार की पत्तियां औषधीय गुणों से भी भरपूर होती हैं, जो कई बीमारियों में काम आती हैं.
गुड़हल एक ऐसा पौधा है जिसे लगभग हर कोई अपने घर में लगाना चाहता है. लाल, पीले और नारंगी रंगों में मिलने वाले इस फूल का इस्तेमाल पूजा-पाठ में भी खूब होता है. गुड़हल को धूप और हल्की नमी वाली मिट्टी बहुत पसंद है. बस एक बात का ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न होने पाए. बहुत ज्यादा पानी या जलजमाव होने से इसकी जड़ें सड़ सकती हैं और पौधा खराब हो सकता है.
अगर आप अपने घर में किसी सफेद और महकदार फूल की तलाश में हैं, तो चंपा आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है. यह अपनी खूबसूरती और भीनी-भीनी खुशबू के लिए मशहूर है. इसके सफेद, पीले और गुलाबी फूल गार्डन को बहुत ही आलीशान लुक देते हैं. इसे खुली धूप वाली जगह पर लगाएं. चंपा को ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती, इसलिए जब मिट्टी पूरी तरह सूख जाए तभी हल्का पानी डालें.
.