How to Pick a Sweet Pomegranate Every Time: अनार देखने में जितना खूबसूरत होता है, अंदर से उतना ही स्वाद से भरा भी हो सकता है, लेकिन हर बार ऐसा हो, यह जरूरी नहीं. कई बार बाजार से अनार लाकर काटते हैं तो दाने फीके, खट्टे या सूखे निकलते हैं. असल बात यह है कि सही अनार चुनना एक छोटी-सी समझ का खेल है. वजन, आकार, रंग, छिलके की बनावट और यहां तक कि उसकी आवाज भी बता सकती है कि फल कितना मीठा और रसीला है. चलिए आपको बताते हैं कैसे आप पहचान सकते हैं.
क्या है सबसे आसान तरीका?
सबसे आसान तरीका है उसका वजन परखना. एक पका हुआ, मीठा अनार अपने आकार से ज्यादा भारी महसूस होगा. ऐसा इसलिए क्योंकि उसके अंदर मौजूद दाने रस से भरे होते हैं. खरीदते समय एक जैसे आकार के दो-तीन अनार हाथ में लेकर तुलना करें, जो ज्यादा भारी लगे, वही आमतौर पर ज्यादा जूसी होता है. हल्का अनार अक्सर सूखा या अधपका हो सकता है.
साइज पर भी दें ध्यान
अब उसके आकार पर ध्यान दें. लोग अक्सर बिल्कुल गोल और चिकना अनार पसंद करते हैं, लेकिन हल्के चपटे या कोनों से उभरे हुए अनार ज्यादा पके और मीठे होते हैं. जैसे-जैसे दाने अंदर से भरते हैं, वे छिलके को बाहर की ओर दबाते हैं और फल थोड़ा चौकोर या असमान आकार का हो जाता है. बहुत ज्यादा गोल और सपाट अनार अंदर से पूरी तरह विकसित न भी हो सकता है.
कलर भी है पहचान
रंग भी एक बड़ा संकेत है. गहरा लाल या रूबी जैसा रंग बताता है कि फल पूरी तरह पक चुका है और उसमें शर्करा की मात्रा अच्छी है. फीका या मटमैला रंग अक्सर अधपकेपन की निशानी हो सकता है.किस्म के अनुसार हल्का फर्क हो सकता है, लेकिन रंग में गहराई और चमक मिठास का इशारा करती है.
इस तरह भी सकते हैं पहचान
छिलके की बनावट भी जांच लें. बहुत ज्यादा चमकदार या मुलायम छिलका कभी-कभी ज्यादा पकने या गलत स्टोरेज का संकेत देता है. हल्का खुरदुरा और मजबूत छिलका बेहतर माना जाता है. अगर छिलके पर छोटे-मोटे प्राकृतिक क्रैक दिखें तो घबराएं नहीं, यह इस बात का संकेत हो सकता है कि अंदर के दाने रस से भरे हैं. बस यह देखें कि दरारें गहरी न हों और फफूंदी न हो. एक दिलचस्प तरीका है हल्का सा थपथपाना. उंगलियों से अनार पर टैप करें. अगर आवाज धातु जैसी खोखली और साफ आए, तो समझिए अंदर दाने भरे और तने हुए हैं. अगर आवाज मद्धम या फीकी लगे तो फल ज्यादा पका या सूखा हो सकता है.
कैसे करें स्टोर?
घर लाने के बाद अगर कुछ दिनों में खाना हो तो कमरे के तापमान पर रखें. ज्यादा दिनों तक स्टोर करना हो तो फ्रिज में रखें, जहां यह करीब दो हफ्ते तक ताजा रह सकता है. दाने निकाल लिए हों तो एयरटाइट डिब्बे में रखकर कुछ ही दिनों में इस्तेमाल कर लें. थोड़ी-सी सावधानी और इन आसान तरीकों से आप हर बार मीठा और रसीला अनार चुन सकते हैं.
इसे भी पढ़ें- Guava Cleaning Method: सिर्फ पानी से धोकर अमरूद से नहीं हटते पेस्टिसाइड, जानें क्या है इसे साफ करने का सही तरीका?
.