विदिशा में बेतवा मैराथन आज: 21 किमी दौड़ में विजेता को मिलेंगे 21 हजार रुपए; पर्यटन को बढ़ावा देने आयोजन – Vidisha News


विदिशा जिले में 21 फरवरी शनिवार को बेतवा मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिले के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार करना तथा खेल भावना को बढ़ावा देना है। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा मध्य प्रदेश टूरिज्म के सहयोग से आयोजित इस मैराथन को लेकर युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। यह मैराथन दौड़ तीन श्रेणियों में आयोजित की जा रही है। 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर ओपन रन और 5 किलोमीटर रन फॉर फन। तीनों श्रेणियों में पुरुष और महिला वर्ग के लिए अलग-अलग नकद पुरस्कार घोषित किए गए हैं। 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में प्रथम विजेता को 21 हजार रुपए, द्वितीय को 10 हजार और तृतीय को 5 हजार रुपए दिए जाएंगे। 10 किलोमीटर ओपन रन में प्रथम पुरस्कार 10 हजार, द्वितीय 5 हजार और तृतीय 3 हजार रुपए है। वहीं, 5 किलोमीटर रन फॉर फन के लिए प्रथम विजेता को 5 हजार, द्वितीय को 3 हजार और तृतीय को 2 हजार रुपए मिलेंगे। इसके अतिरिक्त, 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 5 किलोमीटर की एक विशेष दौड़ भी आयोजित की जाएगी। मैराथन का शुभारंभ रवीन्द्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन ऑडिटोरियम से होगा। 5, 10 और 21 किलोमीटर के प्रतिभागी स्वामी विवेकानंद चौराहा, चरणतीर्थ और उदयगिरि तक दौड़ेंगे और वहीं से वापसी कर ऑडिटोरियम पर समापन करेंगे। 21 किलोमीटर की दौड़ सुबह 6 बजे, 10 किलोमीटर की दौड़ सुबह 6:30 बजे और 5 किलोमीटर की दौड़ सुबह 7 बजे से शुरू होगी। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन खेल, स्वास्थ्य और पर्यटन को एक मंच पर लाने का प्रयास है, जिससे विदिशा की ऐतिहासिक धरोहरों को व्यापक पहचान मिल सके। नागरिकों से इस आयोजन में बड़ी संख्या में भागीदारी करने की अपील की गई है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *