सुबह-सुबह ऐसा क्या पिएं, जिससे रोजा के दौरान न लगे प्यास? डाइटिशियन के ये टिप्स रखेंगे फ्रेश और एनर्जेटिक

Tips To Stay Hydrated During Roza Fast: रमजान के पाक महीने में करोड़ों लोग रोजा रखते हैं. यह लोगों की आस्था से जुड़ा होता है. रोजा के दौरान फास्टिंग करना आसान नहीं होता है. लंबी अवधि तक बिना पानी पिए रहना शरीर के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है. इसलिए सहरी यानी सुबह के खाने के समय सही ड्रिंक्स का सेवन करना अहम हो जाता है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सुबह सहरी के वक्त लोगों को ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए, जो शरीर को दिनभर हाइड्रेटेड रखें, इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखें और एनर्जी प्रदान करे. सिर्फ ज्यादा पानी पी लेना ही समाधान नहीं है, बल्कि सही पोषण और फ्लूड बैलेंस भी जरूरी है.

नोएडा के मानस हॉस्पिटल की डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया कि सुबह सुबह लोगों को 1-2 गिलास सादा पानी जरूर पीना चाहिए. रातभर सोने से हमारा शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है. ऐसे में सुबह उठकर पानी पीना बहुत जरूरी होता है. एकदम से ज्यादा मात्रा में पानी पीने के बजाय थोड़ा थोड़ा पानी पीना चाहिए. सहरी के दौरान 2 से 3 गिलास पानी धीरे-धीरे पिएं. इसके साथ नारियल पानी एक बेहतरीन विकल्प है, क्योंकि इसमें प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स जैसे पोटैशियम और सोडियम होते हैं, जो शरीर में तरल संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं. यह दिनभर डिहाइड्रेशन की संभावना को कम कर सकता है.

डाइटिशियन ने बताया कि दूध या लो-फैट दही से बनी स्मूदी सहरी में खाएंगे, तो दिनभर प्यास कम लगेगी और भरपूर एनर्जी मिलेगी. दूध में प्रोटीन और नेचुरल शुगर होती है, जो धीरे-धीरे एनर्जी प्रदान करती है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन को बेहतर रखते हैं और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करते हैं. आप इसमें केला, खजूर या भीगे हुए चिया सीड्स मिला सकते हैं. चिया सीड्स पानी सोखकर जेल जैसा बनाते हैं, जिससे शरीर में नमी लंबे समय तक बनी रहती है. हालांकि बहुत ज्यादा मीठी ड्रिंक्स से बचना चाहिए, क्योंकि ज्यादा चीनी प्यास बढ़ा सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

एक्सपर्ट की मानें तो दिनभर हाइड्रेटेड रहने के लिए नींबू पानी या सादा लस्सी पीना लाभकारी है. हालांकि इसमें चीनी की मात्रा संतुलित हो. हल्का नमक मिला नींबू पानी शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में मदद करता है. पुदीना या तुलसी की पत्तियां मिलाकर हर्बल ड्रिंक भी बनाई जा सकती है, जो शरीर को ठंडक देती है. लोगों को सहरी में चाय या कॉफी से बचना चाहिए, क्योंकि कैफीन डाइयूरेटिक प्रभाव डालता है, जिससे शरीर से पानी जल्दी निकलता है और प्यास ज्यादा लग सकती है.

सहरी में क्या खाया जा रहा है, यह भी महत्वपूर्ण है. ज्यादा नमकीन, तला-भुना या मसालेदार खाना दिन में प्यास बढ़ा सकता है. इसके बजाय ओट्स, दलिया, साबुत अनाज, अंडा, फल और सब्जियां शामिल करें. तरबूज, खीरा, संतरा जैसे पानी से भरपूर फल शरीर को अतिरिक्त हाइड्रेशन देते हैं. प्रोटीन और फाइबर युक्त भोजन ऊर्जा को धीरे-धीरे रिलीज करता है, जिससे दिनभर थकान कम महसूस होती है. अगर आपको पहले से कोई बीमारी है, तो रोजा रखने से पहले डॉक्टर से सलाह लें.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *