दतिया में साइबर ठगों ने एक अखबार एजेंट को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 5 लाख 48 हजार 279 रुपए उड़ा दिए। पीड़ित जिला पंचायत सदस्य भी हैं। ठगी की यह रकम पेजैप (PayZapp) वॉलेट के जरिए निकाली गई। पीड़ित को ठगी का पता तब चला, जब वे बैंक जाकर बैलेंस चेक करने पहुंचे। मामले में कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकौड़िया महादेव निवासी पीड़ित मानसिंह प्रजापति (48) ने बताया कि वह जिले में दैनिक भास्कर, पत्रिका और नई दुनिया अखबार के एजेंट हैं। साथ ही वे जिला पंचायत सदस्य भी हैं। अखबार वितरण से आई रकम उनके खाते में जमा थी। 28 जनवरी को जब वे राजगढ़ चौराहा स्थित एचडीएफसी बैंक पहुंचे, तो पता चला कि खाते से पूरी रकम गायब हो चुकी है। बैंक के चक्कर काटते रहे, फिर दर्ज कराई FIR बैंक से जानकारी लेने पर सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति ने PayZapp वॉलेट के माध्यम से रकम निकाल ली है। बैंक अधिकारियों ने कुछ दिनों में जानकारी देने की बात कही थी। कई दिन तक इंतजार के बाद जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो पीड़ित ने मंगलवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस कर रही जांच मामले में कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी का प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। टीआई धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि ठगों ने किस तरह खाते तक पहुंच बनाई और PayZapp वॉलेट से रकम ट्रांसफर की, इसकी जांच की जा रही है। .