मैनपाट घूमने आएं और चखें धनिया वाला गन्ना जूस, धीरे-धीरे टूरिस्टों का बना फेवरेट

Coriander Desi Sugarcane Juice: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जैसे ही गर्मी की शुरुआत होती है, वैसे ही गन्ने के जूस की मांग तेजी से बढ़ने लगती है. इसी बीच छत्तीसगढ़ के शिमला के नाम से मशहूर मैनपाट में इन दिनों एक खास किस्म का देसी गन्ने का जूस लोगों के बीच खूब लोकप्रिय हो रहा है. यहां मिलने वाला गन्ने का जूस आम नहीं, बल्कि धनिया, पुदीना और नींबू के साथ तैयार किया जाता है. खास बात यह है कि ग्राहक की पसंद के अनुसार इसमें हल्की मिर्च भी मिलाई जाती है, जो इसके स्वाद को और खास बना देती है. यही देसी अंदाज पर्यटकों को खूब भा रहा है और धनिया वाला गन्ना जूस उनकी पहली पसंद बन चुका है. गन्ने का यह देसी जूस तैयार करने वाला युवक कम पढ़ा-लिखा जरूर है, लेकिन उसके हौसले कभी कमजोर नहीं पड़े. उसने मेहनत को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया. बरसात के मौसम में की गई गन्ने की खेती का वह गर्मी के दिनों में भरपूर उपयोग करता है, जिससे उसे रोजाना करीब 1000 से 1500 रुपये तक की कमाई हो जाती है. देसी स्वाद, मेहनत और आत्मनिर्भरता की यह कहानी मैनपाट आने वाले पर्यटकों को न सिर्फ ठंडक देती है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है. देखिए ये रिपोर्ट….

देसी अंदाज में तैयार होता है ताजा गन्ने का जूस
गन्ने का जूस बेचने वाले विष्णुदास महंत ने लोकल 18 को बताया कि वे ग्राहकों की पसंद के अनुसार ताज़ा गन्ने का जूस बनाते हैं. जूस में नींबू, पुदीना, धनिया, पान, अदरक और कभी-कभी मिर्च भी मिलाई जाती है. उनका कहना है कि हर ग्राहक की डिमांड अलग होती है, इसलिए जूस भी उसी हिसाब से तैयार किया जाता है.

धनिया वाला जूस बना मैनपाट की पहचान  
विष्णुदास ने बताया कि आमतौर पर शहरों में पुदीना और नींबू वाला जूस तो मिलता है, लेकिन धनिया डालकर जूस बहुत कम जगहों पर बनाया जाता है. मैनपाट का धनिया खासा मशहूर है, जिसे देखकर टूरिस्ट आकर्षित हो जाते हैं. यही वजह है कि यहां आने वाले पर्यटक खास तौर पर धनिया डालकर जूस पीने की मांग करते हैं.

टूरिस्टों से मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स
धनिया मिला गन्ने का जूस पीकर पर्यटक काफी खुश नजर आते हैं. विष्णुदास का कहना है कि जो भी जूस पीकर जाता है, वह इसकी तारीफ करता है और कहता है कि ऐसा स्वाद उन्हें कहीं और नहीं मिला. इस अच्छे रिस्पॉन्स की वजह से उनका हौसला भी बढ़ा है.

रोज़ाना ₹1000 से ₹1500 तक की कमाई
विष्णुदास महंत ने बताया कि गन्ने के जूस से उन्हें रोजाना लगभग ₹1000 से ₹1500 तक की कमाई हो जाती है, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी आसानी से चल जाती है. वे मूल रूप से दरीमा-कलगासा क्षेत्र के रहने वाले हैं और खेती भी करते हैं. महंत ने बताया कि बरसात के मौसम में वे खेती पर पूरा ध्यान देते हैं, जबकि गर्मी के मौसम में गन्ने का जूस बेचकर अतिरिक्त आमदनी करते हैं. खास बात यह है कि जूस में इस्तेमाल होने वाला धनिया और पुदीना वे अपने घर पर ही उगाते हैं.

हाल ही में शुरू किया काम
विष्णुदास ने बताया कि उन्होंने यह काम हाल ही में शुरू किया है. मैनपाट में लगे कार्निवाल मेले के दौरान 15 तारीख से उन्होंने जूस बेचना शुरू किया. पढ़ाई के बारे में उन्होंने बताया कि वे आठवीं-दसवीं तक पढ़े हैं, लेकिन परिवार चलाने के लिए मेहनत करना जरूरी है, इसलिए वे यह काम कर रहे हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *