जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरदर गांव में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकती हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। …और पढ़ें
HighLights
- फातिमा खातून का शव फंदे पर लटका मिला, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
- सूचना छुपाने का आरोप लगा शव के साथ प्रदर्शन, जांच की मांग पर अड़े
- मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, रिपोर्ट का है इंतजार
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरदर गांव में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकती हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान फातिमा खातून (30) पत्नी पीर मोहम्मद के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात की बताई जा रही है।
सूचना न देने और पुलिसिया कार्रवाई पर उठाए सवाल
बताया गया कि ससुराल पक्ष ने मामले को लेकर थाने में एक आवेदन दिया था, लेकिन मृतका के मायके पक्ष को इसकी जानकारी समय पर नहीं दी गई। स्वजनों को आज किसी बाहरी व्यक्ति से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे तत्काल बरौंधा थाने पहुंचे। आरोप है कि वहां उनकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। बरौंधा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़े आक्रोशित परिजन
इससे नाराज स्वजनों ने मृतका के शव को झरी के पास रोक दिया और प्रदर्शन करते हुए मांग की कि पहले मर्ग कायम किया जाए तथा मामले में संदेह के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाए। स्वजनों का कहना है कि परिस्थितियां संदिग्ध हैं और बिना जांच के शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
गांव में तनाव और शोक का माहौल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और परिजनों को उचित न्याय का भरोसा दिलाया गया है।
.