Last Updated:
Cholesterol Medication Facts: कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने की दवा को लेकर लोगों के दिमाग में कई मिथक होते हैं. कई लोग सोचते हैं कि कोलेस्ट्रॉल की दवा एक बार शुरू कर दी, तो इसे जिंदगीभर लेना पड़ेगा. डॉक्टर्स की मानें तो यह दवा हर मरीज को जीवनभर नहीं लेनी होती है. यह उसके कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल और हार्ट हेल्थ की कंडीशन पर भी डिपेंड करता है. कोलेस्ट्रॉल की दवा से हार्ट अटैक का खतरा भी कम होता है, लेकिन इसके साथ हेल्दी लाइफस्टाइल और सही खानपान भी जरूरी है.
कोलेस्ट्रॉल की दवा हार्ट अटैक से बचाने में कुछ हद तक कारगर है.
Cholesterol Drugs and Heart Risk: कोलेस्ट्रॉल के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और इसमें युवाओं की तादाद बहुत ज्यादा है. कोलेस्ट्रॉल हमारे खून में पाया जाने वाला मोम जैसा पदार्थ है, जो नॉर्मल से ज्यादा हो जाए, तो स्ट्रोक और हार्ट अटैक की वजह बन सकता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो खराब लाइफस्टाइल, तला-भुना खाना, कम फिजिकल एक्टिविटी और अत्यधिक तनाव के कारण शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाता है. कई बार कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने के लिए लाइफस्टाइल और खानपान में बदलाव करना पड़ता है, तो कुछ मरीजों को डॉक्टर स्टैटिन जैसी दवाएं देते हैं. अधिकतर मरीजों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि क्या यह दवा जिंदगी भर लेनी पड़ेगी? इस बारे में कार्डियोलॉजिस्ट से जान लेते हैं.
नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल की सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. वनीता अरोरा ने News18 को बताया कि शरीर में जब बैड कोलेस्ट्रॉल यानी LDL का स्तर सामान्य से ज्यादा हो जाता है, तब यह खून की धमनियों में जमा होने लगता है. इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में कोलेस्ट्रॉल लेवल कम करने और कार्डियोवैस्कुलर डिजीज से बचने के लिए मरीजों को दवा लेने की सलाह दी जाती है. आमतौर पर मरीजों को स्टैटिन दवा दी जाती है, जो सबसे कॉमन और असरदार है. अगर इस दवा के साथ लाइफस्टाइल और खानपान में सुधार कर लिया जाए, तो अच्छा रिजल्ट मिल सकता है.
क्या यह दवा जिंदगी भर लेनी पड़ती है?
डॉक्टर वनीता ने बताया कि अधिकतर मरीजों का सवाल होता है कि कोलेस्ट्रॉल की दवा जिंदगी भर लेनी पड़ेगा या यह भी बंद हो सकती है. इसका सीधा जवाब है कि यह सब मरीज की कंडीशन पर डिपेंड करता है. जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल लेवल बहुत ज्यादा नहीं है और वे डाइट, एक्सरसाइज और वजन घटाकर इसे कंट्रोल कर लेते हैं, तो उनकी दवा को धीरे-धीरे बंद किया जा सकता है. हालांकि जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल लेवल अनकंट्रोल रहता है और पहले हार्ट अटैक, स्ट्रोक या आर्टरी ब्लॉकेज की समस्या हो चुकी है, तो डॉक्टर ऐसे मरीजों को अक्सर लंबे समय तक या जिंदगी भर दवा लेने की सलाह देते हैं. ध्यान रखने वाली बात यह है कि किसी भी मरीज को डॉक्टर की सलाह के बिना अपनी मर्जी से यह दवा बंद नहीं करनी चाहिए.
क्या हार्ट अटैक से बचाती है यह दवा?
कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया यह बात बिल्कुल सच है कि कोलेस्ट्रॉल की दवा हार्ट अटैक से बचाने में कारगर है. कई रिसर्च के अनुसार स्टैटिन लेने से हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा करीब 25% कम हो सकता है. हालांकि अगर कोई व्यक्ति दवा ले रहा है, लेकिन स्मोकिंग करता है, जंक फूड खाता है, एक्सरसाइज नहीं करता या डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर अनकंट्रोल है, तो कोलेस्ट्रॉल की दवा हार्ट अटैक से नहीं बचा सकती है. दवा के साथ हेल्दी लाइफस्टाइल, रेगुलर एक्सरसाइज और बैलेंस्ड डाइट लेना जरूरी है. हार्ट हेल्थ को सुधारने के लिए आपको सभी फैक्टर्स का ध्यान रखना होगा.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें