Last Updated:
Cleaning ears tips : अगर आप भी बाजारों और सड़क किनारे लोगों से कान साफ करवाते रहे हैं, तो सावधान हो जाएं. ये तरीका घातक हो सकता है. लोकल 18 से बात करते हुए जौनपुर की आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. कुसुम पांडेय इसे बेहद खतरनाक आदत बताती हैं. सड़क किनारे बिना स्वच्छता और चिकित्सकीय जानकारी के कान साफ कराना गंभीर संक्रमण का कारण बन सकता है. जरा सी लापरवाही से सुनने की क्षमता खो सकती है. बैक्टीरिया और फंगस फैलने का खतरा रहता है. कान के अंदर सूजन, दर्द, खुजली या पस बनना शुरू हो जाएगा.
जौनपुर. अक्सर बाजारों और सड़कों के किनारे कुछ लोग कान साफ करने का काम करते दिखाई देते हैं. कई लोग चलते-फिरते ही कुछ रुपये देकर कानों की सफाई करा लेते हैं. जौनपुर की आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. कुसुम पांडेय ने इसे बेहद खतरनाक आदत बताते हुए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है. लोकल 18 से बात करते हुए डॉ. कुसुम पांडेय कहती हैं कि सड़क किनारे बिना स्वच्छता और चिकित्सकीय जानकारी के कान साफ कराना गंभीर संक्रमण का कारण बन सकता है. कान हमारे शरीर का अत्यंत संवेदनशील अंग है. इसमें जरा सी लापरवाही सुनने की क्षमता पर असर डाल सकती है. सड़क पर बैठकर कान साफ करने वाले लोग अक्सर एक ही उपकरण का कई लोगों पर उपयोग करते हैं, जिससे बैक्टीरिया और फंगस फैलने का खतरा बढ़ जाता है.
हट जाती है सुरक्षा परत
कान में मैल (ईयर वैक्स) प्राकृतिक रूप से बनता है, जो धूल और कीटाणुओं से कान की रक्षा करता है. बार-बार या गलत तरीके से कान की सफाई करने से यह सुरक्षा परत हट जाती है और कान के अंदर सूजन, दर्द, खुजली या पस बनने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. कई मामलों में पर्दे (ईयर ड्रम) को भी नुकसान पहुंच सकता है, जिससे स्थायी बहरापन तक हो सकता है.
फिर क्या करें
डॉ. कुसुम पांडेय के मुताबिक, यदि कान में अत्यधिक मैल जम गया हो, दर्द हो रहा हो या सुनने में दिक्कत आ रही हो तो स्वयं उपचार करने के बजाय किसी योग्य डॉक्टर से जांच करानी चाहिए. अस्पताल या क्लिनिक में साफ-सफाई और सुरक्षित उपकरणों के साथ कान की सफाई की जाती है, जिससे संक्रमण का खतरा नहीं रहता. कुछ रुपये बचाने या सुविधा के लिए अपनी सेहत से खिलवाड़ न करें. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के कान सड़क पर कभी भी साफ न कराएं. कान में माचिस की तीली, हेयरपिन या नुकीली वस्तु डालना भी खतरनाक हो सकता है.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें