PAK Single Condition For India vs Pakistan: 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला चर्चा में है. आईसीसी शेड्यूल के मुताबिक, टूर्नामेंट में दोनों के बीच 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में मुकाबला खेला जाना था. लेकिन पाकिस्तान सरकार ने विश्व कप की शुरुआत से पहले साफ कर दिया था कि उनकी टीम टूर्नामेंट में तो हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगी. अब पाकिस्तान एक शर्त के साथ भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने को तैयार नजर आ रहा है.
क्रिकबज के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चाहता है कि टीम इंडिया एक ट्रॉई सीरीज में हिस्सा ले. इस ट्रॉई सीरीज में भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें मौजूद होंगी. अगर भारत की तरफ से इस पेशकश को मान लिया जाता है कि तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की तरफ से टीम को टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने की इजाजत दे दी जाएगी. ट्रॉई सीरीज न्यूट्रल वेन्यू पर होगी. हालांकि अभी आईसीसी या किसी भी बोर्ड की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक एलान नहीं किया गया है.
भारत-पाकिस्तान का मुकाबला इतना अहम क्यों?
अगर आपके मन में भी यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिरी टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच को इतनी अहमियत क्यों दी जा रही है? तो आपको बता दें कि यह संभवत: टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा कमाई वाला मैच है. वर्ल्ड कप जैसे इवेंट में फैंस भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को बड़े शौक से देखते हैं. किसी भी बड़े इवेंट में अक्सर भारत-पाक का मैच शनिवार या रविवार को रखा जाता है, जिससे ज्यादा-ज्यादा लोग इस मैच को देखने में सफल हों. जितने लोग मुकाबला देखेंगे, उतना राजस्व (Revenue) बढ़ेगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मैच करीब 250 मिलियन अमेरिकी डॉलर (2200 करोड़ से ज्यादा भारतीय रुपये) का रेवेन्यू पैदा करता है. मुकाबला न होने की सूरत में आईसीसी से लेकर ब्रॉडकास्टर तक, सभी को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा.
देखिए, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की कमाई का तकरीबन 80 फीसद हिस्सा आईसीसी के राजस्व से आता है. मुकाबला न होने पर आईसीसी की तरफ से पाकिस्तान का शेयर रोका जा सकता है, जिससे पाक बोर्ड कंगाल होने की स्थित में आ सकता है.
भारत-पाक मैच विवाद की कैसे हुई शुरुआत?
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हो रहे विवाद की वजह बांग्लादेश क्रिकेट टीम है. बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर करने के बाद बांग्लादेश टीम ने भारत में सुरक्षा का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलने का फैसला किया. पहले कह जा रहा था कि पाकिस्तान भी बांग्लादेश की तरफ पूरे वर्ल्ड कप का बहिष्कार करेगा, लेकिन अंतत: सिर्फ भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार किया गया.
.