Last Updated:
Amla Benefits for Hair: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी की वजह से युवाओं के बाल समय से पहले सफेद होने लगे हैं. लोग महंगे और केमिकल वाले हेयर कलर लगाते हैं, जो बाद में बालों को और भी ज्यादा खराब कर देते हैं. लेकिन ऋषिकेश के आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ. राजकुमार ने एक ऐसा देसी और सस्ता नुस्खा बताया है जो आपके बालों को प्राकृतिक रूप से काला और मजबूत बना सकता है. हम बात कर रहे हैं आंवला की जो सफेद बालों की छुट्टी करने के साथ-साथ उन्हें घना और चमकदार भी बनाता है. जानिए इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका.
Amla Benefits for Hair: कम उम्र में बालों का सफेद होना आज के दौर में एक बड़ी समस्या बन गया है. पहले सफेद बाल बुढ़ापे की निशानी माने जाते थे, लेकिन अब खराब खानपान, तनाव और प्रदूषण की वजह से युवाओं के बाल भी तेजी से सफेद हो रहे हैं. सफेद बाल (white hair problem solution) न केवल हमारे लुक को खराब करते हैं, बल्कि हमारा आत्मविश्वास भी कम कर देते हैं. बाजार में मिलने वाले केमिकल वाले प्रोडक्ट्स बालों को ऊपर से तो रंग देते हैं, लेकिन जड़ों को अंदर से खोखला कर देते हैं. यही वजह है कि अब लोग दोबारा आयुर्वेद की ओर लौट रहे हैं. आयुर्वेद में सूखे आंवले को बालों के लिए अमृत समान माना गया है, जो बालों का प्राकृतिक रंग लौटाने में मदद करता है.
सूखे आंवले में छिपा है सेहत का राज
डॉ. राजकुमार (आयुष) ने बताया कि सूखे आंवले में विटामिन-सी, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं. ये तत्व हमारे स्कैल्प को पोषण देते हैं और बालों की जड़ों को फौलाद जैसा मजबूत बनाते हैं. सूखा आंवला बालों के नेचुरल पिगमेंट को बचाए रखता है, जिससे बाल समय से पहले सफेद नहीं होते. इसके नियमित इस्तेमाल से सिर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे न केवल बाल झड़ना रुकते हैं बल्कि उनकी लंबाई भी तेजी से बढ़ती है. इसीलिए इसे बालों के लिए एक ‘नेचुरल टॉनिक’ कहा जाता है.
आंवले का पानी, बनाने और इस्तेमाल का आसान तरीका
बालों को पोषण देने का सबसे सरल तरीका है आंवले का पानी. इसके लिए आपको बस एक मुट्ठी सूखे आंवले लेने हैं और उन्हें पानी में डालकर अच्छी तरह उबालना है. जब पानी का रंग गहरा भूरा हो जाए, तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें. अब इस पानी को छान लें और बाल धोने के लिए इस्तेमाल करें. हफ्ते में दो से तीन बार इस पानी से सिर धोने पर आप देखेंगे कि आपके बालों की चमक लौट आई है और वे पहले से ज्यादा मुलायम हो गए हैं. यह तरीका बहुत ही सस्ता है और इसे घर पर कोई भी कर सकता है.
आंवला पाउडर का तेल वाला नुस्खा है कमाल
अगर आप अपने बालों को जड़ों से मजबूत करना चाहते हैं, तो आंवले का तेल सबसे बेस्ट है. इसके लिए सूखे आंवले को पीसकर उसका पाउडर बना लें. अब इस पाउडर को नारियल या सरसों के तेल में मिलाकर हल्का गर्म करें. जब तेल ठंडा हो जाए, तो इससे सिर की अच्छे से मसाज करें. यह तेल बालों के रूखेपन को खत्म करता है और उन्हें अंदर से नमी देता है. नियमित रूप से इस तेल की मालिश करने से बाल टूटना बंद हो जाते हैं और उनकी चमक भी बढ़ जाती है.
सिर्फ लगाना ही नहीं, खाना भी है फायदेमंद
डॉ. राजकुमार के अनुसार, आंवले का फायदा सिर्फ लगाने तक सीमित नहीं है. अगर आप इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं, तो यह शरीर की इम्युनिटी को बढ़ाता है. आंवले का सेवन करने से खून साफ होता है, जिसका सीधा असर आपके बालों और चेहरे पर नजर आता है. हालांकि, डॉक्टर का यह भी कहना है कि घरेलू नुस्खों के साथ-साथ आपको अच्छी नींद लेनी चाहिए, खूब पानी पीना चाहिए और तनाव से बचना चाहिए. एक अच्छी लाइफस्टाइल ही बालों को लंबे समय तक काला और घना रख सकती है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.