इंडिया-यूएस इंटरिम ट्रेड डील से रुपये ने बदली ‘चाल’, खोई बढ़त हासिल, डॉलर को मारी जबरदस्त पटखनी

Rupee vs Dollar: भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा तैयार होने के बाद बनी सकारात्मक बाजार धारणा के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 21 भारतीय रुपया पैसे मजबूत होकर 90.44 के स्तर पर पहुंच गया. विदेशी मुद्रा (Forex Traders) कारोबारियों का कहना है कि भारतीय रुपये की शुरुआत भले ही कमजोर रही, लेकिन जल्द ही उसने अपनी शुरुआती गिरावट की भरपाई कर ली और सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करने लगा.

शनिवार को भारत और अमेरिका ने अंतरिम ट्रेड डील के लिए एक फ्रेमवर्क तैयार करने की घोषणा की थी, जिसके तहत दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क में कटौती करेंगे. इस खबर से निवेशकों के सेंटीमेंट को मजबूती मिली, जिसका सीधा असर रुपये पर देखने को मिला.

रुपये में शानदार तेजी

डॉलर इंडेक्स में नरमी और घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती ने भी रुपये को समर्थन दिया. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 90.66 पर खुला और कारोबार के दौरान 90.44 तक चढ़ गया, जो पिछले बंद भाव से 21 पैसे की बढ़त को दर्शाता है. गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को रुपया 31 पैसे टूटकर 90.65 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.58 पर आ गया.

शेयर बाजार में उछाल

घरेलू शेयर बाजारों में भी सोमवार सुबह सकारात्मक माहौल देखने को मिला. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 415.97 अंक चढ़कर 83,996.37 अंक पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 126.05 अंक की बढ़त के साथ 25,819.75 अंक पर कारोबार करता दिखा. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी रही और ब्रेंट क्रूड 0.94 प्रतिशत गिरकर 67.41 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे भी रुपये को राहत मिली.

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 1,950.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जिसने बाजार में भरोसा और मजबूत किया.

ये भी पढ़ें: बाजार में धमाल मचाने आया AI से जुड़ी कंपनी का IPO, पैसा लगाने से पहले फटाफट चेक करें GMP

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *