Last Updated:
Wheat Flour Storage Tips: गेहूं के आटे में घुन से बचाव के लिए तेज पत्ता एक आसान और सुरक्षित देसी तरीका है. इसकी खुशबू कीड़ों को दूर रखती है. बस पत्ते सूखे हों, डिब्बा साफ और एयरटाइट हो, और नमी न पहुंचे-तो आटा लंबे समय तक सही रहता है.
आटे में घुन से बचाव के तरीके
Wheat Flour Storage Tips: रसोई में रखा गेहूं का आटा अगर खराब हो जाए तो सच में दिल दुख जाता है. बड़ी मेहनत से लाया गया राशन जब कीड़ों की वजह से फेंकना पड़े, तो पैसे भी बर्बाद होते हैं और मन भी खराब होता है. अक्सर ऐसा होता है कि आटा डिब्बे में सही से रखा होता है, फिर भी कुछ दिनों बाद उसमें छोटे-छोटे काले कीड़े या घुन दिखने लगते हैं. कई लोग इसे धूप दिखाते हैं, छानते हैं, फिर भी समस्या दोबारा लौट आती है. असल में ये परेशानी ज्यादा तर नमी और गलत स्टोरेज की वजह से होती है. ऐसे में अगर कोई आसान, घर में मिलने वाला और सुरक्षित तरीका मिल जाए तो बात ही अलग है.
किचन एक्सपर्ट शिप्रा राय ने इसी समस्या का एक सीधा सा हल बताया है, जिसमें किसी केमिकल या दवाई की जरूरत नहीं पड़ती. बस एक खास पत्ता सही तरीके से इस्तेमाल करना है, और आटे में घुन लगने का डर काफी हद तक कम हो जाता है.
कौन-सा पत्ता करता है असर
शिप्रा राय के अनुसार, आटे को कीड़ों से बचाने के लिए तेज पत्ता सबसे अच्छा माना जाता है. ये वही पत्ता है जो हम सब्जी, दाल या पुलाव में खुशबू के लिए डालते हैं. इसकी महक इंसानों को तो अच्छी लगती है, लेकिन अनाज में लगने वाले कीड़ों को बिल्कुल पसंद नहीं आती. यही वजह है कि यह एक तरह से नेचुरल कीड़ा भगाने वाला काम करता है.
गंध से दूर भागते हैं कीड़े
तेज पत्ते में तेज खुशबू वाले प्राकृतिक तेल होते हैं. जब इसे आटे के डिब्बे में रखा जाता है, तो इसकी महक धीरे-धीरे पूरे डिब्बे में फैल जाती है. ये महक घुन और छोटे कीड़ों को पास नहीं आने देती. वे आटे में अंडे भी नहीं दे पाते, जिससे उनकी संख्या बढ़ नहीं पाती. मतलब, समस्या जड़ से कम होने लगती है.
इस्तेमाल करने का सही तरीका
सिर्फ पत्ता डाल देना ही काफी नहीं, उसे सही तरह से रखना भी जरूरी है.
-सबसे पहले आटा रखने वाला डिब्बा एकदम सूखा और साफ होना चाहिए.
-अब आटा भरने के बाद 3 से 4 सूखे तेज पत्ते आटे के बीच में दबा दें.
-1–2 पत्ते ऊपर की परत पर भी रख सकते हैं.
ध्यान रहे, पत्ते बिल्कुल सूखे हों. अगर उनमें जरा भी नमी होगी तो आटे में सीलन आ सकती है, जिससे कीड़ों के बजाय फफूंद लगने का डर बढ़ जाएगा.
View this post on Instagram
.