बरसात में बढ़ा उल्टी-दस्त और फ्लू का खतरा
डॉ. अखिलेश देवरस ने बताया कि बरसात के दिनों में वायरस और बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं. दूषित पानी और गंदे खाने की वजह से उल्टी-दस्त और फ्लू जैसे रोग फैलते हैं. अस्पतालों में इन बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
उनके अनुसार, कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले बच्चों और बुजुर्गों पर इस मौसम का असर ज्यादा पड़ रहा है. सर्दी-खांसी, बुखार और डायरिया के मामलों में तेजी देखी जा रही है.
उमस और गर्मी से बढ़ी परेशानी
बारिश के बीच बढ़ी उमस और गर्मी लोगों की परेशानी को दोगुना कर रही है. पसीना और गंदगी से शरीर में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है.
डॉ. देवरस ने सलाह दी कि भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें, बाहर निकलते समय मास्क पहनें और खाने से पहले हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं.
पानी को उबालकर ही पिएं
उन्होंने कहा कि दूषित पानी से पीलिया और डायरिया का खतरा रहता है. पानी को कम से कम 15-20 मिनट तक उबालकर ठंडा करके पीना चाहिए. इससे कई तरह के संक्रमण से बचाव हो सकता है.
बाहर का खाना खाने से बचें
बरसात में बाहर के खुले और बासी खाने से पेट की बीमारियां हो सकती हैं. घर का ताजा और साफ खाना ही खाएं, खासकर बच्चों को बाहर के फास्ट फूड से दूर रखें.