अनाज व्यापारी की दुकान से 1 लाख 50 की चोरी: छतरपुर में रुपए उठाता वीडियो में आया व्यक्ति; कर्मचारियों को तक नहीं चला पता – Chhatarpur (MP) News


छतरपुर जिले के बड़ामलहरा अनुविभाग के भगवा थाना क्षेत्र की घुवारा चौकी के मेन मार्केट में शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात हुई। एक अनाज व्यापारी राजू जैन की दुकान से चोर 1 लाख 50 हजार रुपए चुरा ले गया। यह चोरी इतनी सफाई से की गई कि दुकान में मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। जानकारी के अनुसार, घटना के समय व्यापारी राजू जैन कुछ देर के लिए अपने निजी काम से मकानसके अंदर गए थे। इसी दौरान टीकमगढ़ रोड की ओर से एक अज्ञात व्यक्ति दुकान में आया और वहां काम कर रहे लड़के से अनाज के दाम पूछने लगा। जब दुकान का कर्मचारी अन्य ग्राहकों को अनाज तौलने में व्यस्त हो गया, तभी आरोपी ने मौका पाकर काउंटर में रखे 1.50 लाख रुपए चुरा लिए और मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब व्यापारी राजू जैन वापस लौटे और काउंटर की जांच की तो रुपए गायब मिले। उन्होंने आसपास आरोपी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद व्यापारी ने तत्काल घुवारा चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही घुवारा उप थाना प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं और आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि घुवारा में इस तरह की चोरी की घटनाएं पहली बार नहीं हो रही हैं। हर एक-दो महीने में कोई न कोई व्यापारी चोरी का शिकार हो रहा है, लेकिन अब तक किसी बड़े आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण व्यापारी वर्ग दहशत में अपना कारोबार करने को मजबूर है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *