पड़ोसी ने घर में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म किया: मां के निधन के बाद पिता को बताया, आरोपी गिरफ्तार – Gwalior News


ग्वालियर के घाटीगांव थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म कर फरार चल रहे आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गुरुवार रात को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। पकड़े गए आरोपी ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार उसके संबंधित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। बता दें कि घटना के बाद पीड़िता की मां का अचानक निधन हो गया था, जिसके कारण पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पिता को नहीं दी थी। मां के त्रयोदशी संस्कार के बाद उसने पिता को आपबीती बताई, जिसके बाद पिता उसे थाने लेकर पहुंचे। यह घटना 15 जनवरी की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान ग्राम जखा निवासी दिलीप बरार पुत्र बलवंत बरार के रूप में हुई है। दिलीप ने 16 वर्षीय किशोरी को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। दुष्कर्म के कुछ समय बाद ही पीड़िता की मां का निधन हो गया था। इस घटनाक्रम से अनजान पीड़िता के पिता मुरैना में खेत में मजदूरी कर रहे थे। पत्नी के निधन की सूचना मिलने पर वह गांव लौटे और अंतिम संस्कार व त्रयोदशी कार्यक्रम संपन्न कराया। मां के त्रयोदशी संस्कार के बाद पीड़िता ने अपने पिता को दिलीप बरार द्वारा किए गए दुष्कर्म के बारे में बताया। जानकारी मिलते ही पिता पीड़िता को लेकर घाटीगांव थाने पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। घाटीगांव थाना प्रभारी पूरन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी दिलीप बरार के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *