Last Updated:
Argentina Demands extradition of Maduro: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके घर से गिरफ्तार करके अमेरिकी सेना न्यूयॉर्क ले गई. यहां उन पर ड्रग्स की तस्करी का मुकदमा चल रहा है. इसी बीच अर्जेंटीना की ओर से मादुरो के प्रत्यर्पण की मांग रखी गई है.
कोर्ट में पेश होने जाते निकोलस मादुरो. (Photo : Reuters)
अर्जेंटीना की एक अदालत ने अमेरिका से पूर्व वेनेजुएला राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के प्रत्यर्पण की मांग की है. बुधवार को अर्जेंटीना के संघीय जज सेबास्तियन रामोस ने इस मामले में आदेश जारी किया. अर्जेंटीना में मादुरो पर राष्ट्रपति रहते हुए मानवता के खिलाफ अपराध करने का आरोप लगाया गया है. आपको बता दें कि मादुरो को पिछले महीने अमेरिकी सेना ने गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल न्यूयॉर्क में नशीले पदार्थों की तस्करी और नार्को-आतंकवाद के आरोपों में मुकदमे का सामना कर रहे हैं.
जिन अपराधों में मादुरो की मांग हो रही है, उनमें वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति के शासनकाल में प्रदर्शनकारियों और राजनीतिक विरोधियों पर कठोर कार्रवाई की गई. इसमें यातना, मनमानी गिरफ्तारी और लोगों के गायब किए जाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. इस मामले में वेनेजुएला के कई पीड़ित हैं, जिन्होंने सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों के अत्याचार झेले हैं. अर्जेंटीना इसी मामले में अमेरिका से निकोलस मादुरो का प्रत्यर्पण चाहता है.
क्यों अर्जेंटीना को चाहिए वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति?
- अर्जेंटीना में निकोलस मादुरो पर मानवाधिकार के हनन का यह केस साल 2023 में मानवाधिकार संगठनों ने दायर किया था. यह यूनिवर्सल जूरिस्डिक्शन के सिद्धांत पर आधारित है, जिसके तहत अर्जेंटीना किसी भी देश के व्यक्ति के खिलाफ, कहीं भी किए गए मानवता के खिलाफ अपराधों की जांच कर सकता है.
- अर्जेंटीना का विदेश मंत्रालय इसी मामले में मादुरो के प्रत्यर्पण का अनुरोध अमेरिका के ट्रंप प्रशासन को सौंपेगा. इस मामले से जुड़े एक संगठन ने इसे वेनेजुएला के पीड़ितों के लिए बड़ी कानूनी जीत बताया है। अदालत के आदेश में अमेरिका-अर्जेंटीना के बीच 1997 के प्रत्यर्पण समझौते का भी हवाला दिया गया है.
क्या अमेरिका मानेगा अर्जेंटीना की मांग?
हालांकि इस मामले को लेकर माना जा रहा है कि अमेरिका इस मांग को स्वीकार नहीं करेगा, क्योंकि मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस पहले से ही ब्रुकलिन की जेल में बंद हैं और उन पर 25 साल में अमेरिका में हजारों टन कोकीन भेजने में ड्रग कार्टेल्स की मदद करने का आरोप है. इस मामले की एक सुनवाई हो चुकी है और अगली सुनवाई मार्च के महीने में होनी है. आपको बता दें कि अर्जेंटीना उन गिने-चुने देशों में है, जहां विदेशी धरती पर हुए मानवाधिकार अपराधों की भी जांच की जाती है. यही वजह है कि वो वेनेजुएला में हुए मानवाधिकार उल्लंघन का केस सुन रहा था.
About the Author
News18 में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…और पढ़ें
.