अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल आज भारत और अफगानिस्तान के बीच है. जीतने वाली टीम 6 फरवरी को खिताब के लिए इंग्लैंड से भिड़ेगी, जिसने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से हराया था. जानिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन.
ग्रुप 1 से ऑस्ट्रेलिया के साथ अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही थी. ग्रुप 2 से इंग्लैंड और भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई. इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में पहुंच गया है, जबकि दूसरी फाइनलिस्ट आज भारत बनाम अफगानिस्तान मैच की विजेता टीम होगी.
5 बार की चैंपियन भारत मजबूत
अफगानिस्तान के मुकाबले भारतीय अंडर-19 टीम मजबूत नजर आ रही है, जिसमें आयुष म्हात्रे, वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज जैसे बल्लेबाज हैं तो हेनिल और खिलन पटेल जैसे शानदार गेंदबाज. खिलन पटेल ने पाकिस्तान के खिलाफ 35 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे, उन्होंने 21 रन भी बनाए थे. हेनिल पटेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए महत्वपूर्ण मैच में 23 रन देकर 3 विकेट लिए थे, जो आज अफगानिस्तान की बल्लेबाजी को धराशाई करने का दमखम रखते हैं.
वैभव सूर्यवंशी विस्फोटक बल्लेबाज हैं, जो पहली गेंद से बड़ा शॉट लगाते हैं. उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ 72, न्यूजीलैंड के खिलाफ 40 और ज़िम्बाब्वे के खिलाफ 50 रन बनाए थे. वह काफी तेज गति से रन बनाते हैं और अगर 10 या 15 ओवर भी टिक जाए तो विरोधी गेंदबाजों के पसीने छुड़ा सकते हैं. कप्तान आयुष म्हात्रे ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 53 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी, लेकिन पिछले मैच में शून्य पर आउट हो गए थे. उनसे आज बड़ी पारी की उम्मीद होगी.
पहली बार सेमीफाइनल में अफगानिस्तान
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचा है. अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ पिछले मैच में 191 रनों से बड़ी जीत दर्ज की थी, फैसल खान ने 163 रनों की शानदार पारी खेली थी. अब्दुल अजीज खान और अकील खान ने 3-3 विकेट लिए थे.
भारत की संभावित प्लेइंग 11
आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिगयन कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अम्ब्रीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल.
कब कहां देखें भारत बनाम अफगानिस्तान अंडर-19 मैच?
अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत बनाम अफगानिस्तान सेमीफाइनल मैच आज (4 फरवरी) दोपहर 1 बजे से शुरू होगा. मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर होगी.
.