छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोटा गांव में हुए संतोष पटेल हत्याकांड के आरोपी पक्ष के परिजनों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन दिया है। उनका आरोप है कि उन्हें झूठा फंसाया गया है और वे अपने गांव वापस नहीं जा पा रहे हैं। आरोपी पक्ष (ठाकुर परिवार) के सदस्यों ने एसपी को बताया कि गोली उनके लोगों ने नहीं चलाई थी, बल्कि मृतक के पक्ष के ही किसी व्यक्ति ने चलाई थी, जिससे संतोष पटेल की मौत हो गई। उनका दावा है कि रंजिश के चलते उन्हें इस हत्याकांड में फंसाया गया है। रूबी राजा और मिथलेश राजा सहित एसपी कार्यालय पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से गांव में वापसी को लेकर भय का माहौल है। वे अपने गांव नहीं जा पा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें भोजन-पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बोले- फसलें बर्बाद हो रहीं
उन्होंने कहा कि उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं और उनके जानवर भूखे-प्यासे मरने की कगार पर हैं। परिवार की महिलाएं और बच्चे अपने गांव में न रहकर रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं। उन्होंने अपने कुछ जानवर भी रिश्तेदारों के यहां छोड़े हैं। आरोपी पक्ष का यह भी आरोप है कि पटेल परिवार ने उनके घरों में घुसकर तोड़फोड़ की है और कीमती सामान को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि उनके घर में जेवर भी रखा हुआ है। उनका दावा है कि जैसे ही वे गांव पहुंचने की कोशिश करते हैं, पटेल परिवार पुलिस में झूठी रिपोर्ट दर्ज करा देता है कि वे फिर से गांव में अशांति फैलाने आए हैं, जिसके कारण उन्हें वापस भागना पड़ता है। इन सभी आरोपों के साथ, उन्होंने एसपी कार्यालय से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने और उन्हें अपने गांव वापस आने देने की अनुमति देने की मांग की है। यह है पूर्व का मामला
कोटा गांव में 29 दिसंबर 2025 को पुराने जमीनी विवाद के चलते 30 वर्षीय संतोष पटेल पुत्र हरिराम पटेल, निवासी ग्राम कोटा, थाना राजनगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। करीब एक दर्जन आरोपियों ने घर पर धाबा बोलकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें पेट में गोली लगने से संतोष की मौत हुई। मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और पुलिस ने 10-10 हजार का इनाम भी घोषित किया था। विवाद की वजह जमीन खरीद को लेकर पुराना विवाद था, जिसमें पूर्व में भी फायरिंग हुई थी और आरोपी जेल गए थे। इस हत्याकांड मामले में सोमवार दोपहर रणधीर सिंह परमार, बहादुर सिंह व अन्य आरोपियों ने मिलकर घर पर हमला किया और अंधाधुंध फायरिंग में संतोष को गोली मार दी। .