Last Updated:
इंदौर के श्रीनगर कॉलोनी में 13 साल के आतिफ अली की हत्या ने शहर को हिला दिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर बच्चे का गला घोंट दिया और शव को पलंग पेटी में छिपा दिया. एक आरोपी गिरफ्तार है, तो दूसरा फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने इस घटना के राज खोले हैं.
मिथलेश गुप्ता
इंदौर. श्रीनगर कॉलोनी में 13 साल के आतिफ अली की निर्मम हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. यह मामला सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा, सामाजिक निगरानी और शहरी संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है. शुक्रवार शाम से लापता आतिफ का शव मिलने के बाद सामने आए तथ्यों ने हर किसी को सन्न कर दिया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर बच्चे की गला घोंटकर हत्या की और सबूत छिपाने के लिए शव को पलंग पेटी में छुपा दिया. इस दौरान आरोपी ने ऊपर बीमार दादी को सुला दिया, ताकि किसी को शक न हो.
इस दिल दहला देने वाली वारदात ने यह साफ कर दिया कि अपराधी कितनी ठंडे दिमाग से वारदात को अंजाम दे सकता है. एमआईजी थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक सबूत और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया. आरोपी रेहान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी रिजवान फरार है. आतिफ के पिता आफताब कादरी, जो पेशे से कव्वाल हैं, सदमे में हैं. स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों है.
श्रीदेवी अपार्टमेंट की छत पर हुई हैवानियत
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात छह मंजिला श्रीदेवी अपार्टमेंट की छत पर हुई. आरोपी रेहान बच्चे को बहला-फुसलाकर छत पर ले गया. वहां उसने दुष्कर्म की कोशिश की, लेकिन बच्चे के विरोध और चीखने पर उसने नॉयलॉन की रस्सी से कई बार गला घोंटा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटना बताया गया है. चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान भी मिले हैं, जो ईंट से वार की पुष्टि करते हैं.
शव छिपाने की खौफनाक साजिश
हत्या के बाद आरोपी ने शव को चौथी मंजिल के फ्लैट में ले जाकर पलंग पेटी में छिपा दिया. हैरानी की बात यह रही कि उसी पलंग के ऊपर उसकी बीमार दादी को सुला दिया गया. आरोपी लगातार पुलिस और परिजनों के साथ घूमता रहा और जांच को भटकाने की कोशिश करता रहा. यही व्यवहार बाद में उसके लिए शक की वजह बना.
लापता होने से शव मिलने तक पूरा घटनाक्रम
आतिफ शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे घर के बाहर खेलते हुए लापता हुआ. परिवार ने रातभर तलाश की और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी खंगाले, जिसमें बच्चा श्रीदेवी अपार्टमेंट की ओर जाता दिखा. शनिवार सुबह छत पर खून से सना जैकेट और बैग मिला. सख्त पूछताछ में रेहान टूट गया और शव की जगह बता दी.
पुलिस जांच में सामने आए अहम सबूत
- छत पर कई जगह खून के छींटे मिले, जिन्हें साफ करने की कोशिश हुई थी.
- आरोपी के घर की वाशिंग मशीन से खून से सने कपड़े बरामद हुए.
- आरोपी के हाथ और गले पर खरोंच के निशान मिले.
- बिल्डिंग के बाहर खड़ी कार पर लिखा मिला, “तेको नहीं मारना था”.
मामले की जांच को 4 बिंदुओं में समझें
- सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की गतिविधियां ट्रेस की गईं.
- फोरेंसिक रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हुआ.
- तकनीकी साक्ष्यों से झूठे बयान उजागर हुए.
- आरोपी ने पूछताछ में जुर्म कबूल किया.
आरोपी का प्रोफाइल और पृष्ठभूमि
रेहान 21 साल का है और उसी बिल्डिंग में रहता था. वह पिछले चार महीनों से बेरोजगार था. पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खुद को जांच में सहयोगी दिखाया. उसका साथी रिजवान फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है. पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच करा रही है.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें
.