नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में जितनी बड़ी समस्या प्रदूषण की है. उतनी ही बड़ी समस्या पार्किंग की भी बन चुकी है. यहां की हर एक पार्किंग हर समय फुल रहती हैं. आप कहीं पर भी जाइए, आपको गाड़ी पार्क करने के लिए 5 से 10 मिनट गाड़ी घुमानी पड़ती है. उसके बाद आप पार्किंग कर पाते हैं. यहां हर जगह पर पार्किंग को लेकर लोगों का झगड़ा भी होता है. कहीं-कहीं पर एक से दो घंटे गाड़ी पार्क करने के पैसे ज्यादा ले लिए जाते हैं. यहां पार्किंग के लिए कोई नियम कानून ही नहीं है.
ऐसे में दिल्ली के रहने वाले ऋषि गुप्ता ने एक ऐसी कमाल की एप्लीकेशन बना दी है, जिसके जरिए आप घर बैठे ही जहां जा रहे हैं. वहां की पार्किंग की उपलब्धता देख सकते हैं. यह भी देख सकते हैं कि उसकी कीमत कितनी है. जहां से आपकी गाड़ी का चालान कटने का डर होगा या गाड़ी पुलिस प्रशासन द्वारा उठाने का डर होगा. यह एप्लीकेशन आपको उसकी जानकारी भी दे देगा. ताकि आप वहां पर गाड़ी पार्क ना करें. दिल्ली के इस लड़के का आईडिया एमसीडी से लेकर बड़े-बड़े मॉल को भी काफी पसंद आया है. द्वारका में इनका पार्किंग सिस्टम शुरू भी हो चुका है.
इस तरह काम करता है एप्लीकेशन
ऋषि गुप्ता ने बताया कि वह दिल्ली टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी के अंतिम वर्ष के छात्र हैं. 2027 में वह ग्रेजुएट हो जाएंगे. उनकी माता हाउसवाइफ हैं. जबकि उनके पिता एक प्राइवेट नौकरी करते हैं. उन्होंने बताया कि इस एप्लीकेशन को बनाने के पीछे का कारण यह है कि दिल्ली एनसीआर में लोग पार्किंग के लिए काफी ज्यादा परेशान होते हैं. उन्हें खुद भी कई बार ऐसी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है. तब उनको आइडिया आया, क्यों ना ऐसी कोई एप्लीकेशन बनाई जाए, जिसके जरिए घर बैठे ही पार्किंग का पता चल सके.
इसके बाद उन्होंने एक स्टार्टअप शुरू किया, जिसका नाम ‘पार्क ईट अप’ है. इसे मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए, ऐसी एप्लीकेशन बनाई है, जिस पर आप अपना गाड़ी का नंबर और अपनी ईमेल आईडी डालकर अपना अकाउंट बना सकते हैं. जहां आफ पूरे दिल्ली में कहीं पर भी अगर जा रहे हैं तो वहां की पार्किंग खाली है या भरी हुई है. इसकी जानकारी आपको मिल जाएगी.
इसके अलावा उस पार्किंग की प्रति घंटे के हिसाब से कितनी कीमत है. यह जानकारी भी एप्लीकेशन आपको दे देगा. इसके अलावा आपको यह भी पता चल जाएगा कि आपको अपनी गाड़ी कहां पर पार्क करनी है. अगर आप 9:00 घर से निकल रहे हैं और 8:00 बजे गाड़ी की पार्किंग को बुक करते हैं तो 8:00 से ही आपका पैसा प्रति घंटे के हिसाब से 20 रुपए काटना शुरू हो जाएगा. भविष्य में यह पैसा फास्टैग के जरिए कटेगा.
गाड़ी खड़ी करने की जगह भी बताएगा ये एप
ऋषि गुप्ता ने बताया कि अक्सर दिल्ली एनसीआर में सभी पार्किंग फुल रहती हैं. मुश्किल से गाड़ी पार्क करने की जगह मिलती है. जब लोगों को गाड़ी पार्क करने की जगह नहीं मिलती है तो सड़क पर कहीं पर भी गाड़ी पार्क करके चले जाते हैं. जब वापस लौटते उनको गाड़ी नहीं मिलती है. क्योंकि गाड़ी पुलिस प्रशासन द्वारा चालान करके उठा ली गई होती है. इस एप्लीकेशन के द्वारा आपको नो पार्किंग जोन पॉइंट्स भी बताए जाएंगे. ताकि आप वहां पर गाड़ी पार्क ना करें.
ऋषि गुप्ता ने बताया की खुशी की बात यह है कि उनको पहली पार्किंग मिल भी चुकी है. जो कि द्वारका के एक कैंसर अस्पताल में है. फिलहाल दिल्ली में जितने भी बड़े मॉल हैं और इसके अलावा एमसीडी की पार्किंग से भी उनकी बात चल रही है. सभी उनके इस आइडिया से काफी खुश हैं और जल्द ही उनकी पार्किंग एप्लीकेशन एमसीडी की पार्किंग और दिल्ली में मौजूद बड़े मॉल में भी काम करेगी.
.