Stock Market Update 29 January: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार, 29 जनवरी को तेजी के साथ बंद हुए. टाटा स्टील एवं लार्सन एंड टुब्रो में लिवाली आने और आर्थिक समीक्षा 2025-26 में अगले वित्त वर्ष के लिए 6.8-7.2 प्रतिशत का वृद्धि अनुमान जताए जाने से गुरुवार को घरेलू शेयर मार्केट में तेजी रही. सेंसेक्स 222 अंक चढ़ गया, जबकि निफ्टी में 76 अंक की बढ़त दर्ज की गई.
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स दोपहर के सत्र में बढ़ी लिवाली के दम पर 221.69 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,566.37 अंक पर बंद हुआ. हालांकि, सुबह के कारोबार में यह 636.74 अंक टूटकर 81,707.94 अंक तक गिर गया था.
वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 76.15 अंक यानी 0.30 प्रतिशत चढ़कर 25,418.90 अंक पर बंद हुआ. सुबह के कारोबार में निफ्टी 25,159.80 अंक तक फिसल गया था.
बाजार जानकारों की राय
बाजार जानकारों का कहना कि, वैश्विक बाजारों में तेजी और विदेशी कोषों के निवेश में बढ़ोतरी ने प्रमुख सूचकांकों को लो लेवल से उबारने में मदद की. सेंसेक्स की कंपनियों में से टाटा स्टील ने सबसे अधिक 4.41 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की.
अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में एकीकृत लाभ 10 प्रतिशत बढ़कर 71,450 करोड़ रुपये होने का नतीजा देने वाली लार्सन एंड टुब्रो के शेयर में भी 3.66 प्रतिशत की तेजी रही.
इन शेयरों में दिखी तेजी-गिरावट
एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर लाभ में रहे. दूसरी तरफ, एशियन पेंट्स, इंटरग्लोब एविएशन ( इंडिगो), मारुति और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई.
संसद में पेश वित्त वर्ष 2025-26 की आर्थिक समीक्षा में कहा गया कि सुधारों के एकीकृत प्रभाव के कारण अर्थव्यवस्था के अगले वित्त वर्ष में 6.8-7.2 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान जताया गया है. इसमें अमेरिका के साथ चल रही व्यापार वार्ता के इस साल पूरा होने की संभावना भी जताई गई है.
विदेशी निवेशकों की खरीदारी
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “आर्थिक समीक्षा के उत्साहजनक सुर और स्थिर मुद्रास्फीति के बीच घरेलू बाजारों ने शुरुआती गिरावट से उबरते हुए मजबूती दर्ज की.”
शेयर बाजार से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को कुल 480.26 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की. जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,360.59 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
एशिया के अन्य बाजारों का हाल
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग उच्चस्तर पर बंद हुए. यूरोप के बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. बुधवार को अमेरिकी बाजार स्थिर बंद हुए थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 2.50 प्रतिशत की तेजी के साथ कीमत 70.11 डॉलर प्रति बैरल हो गई.
यह भी पढ़ें: Budget 2026 Expectations: बजट से पहले देखें उम्मीदों की लिस्ट, सीनियर सिटिजन से लेकर मैरिड कपल की क्या है चाहत
.