Last Updated:
Computer Work Health Risks: लैपटॉप और कंप्यूटर पर लंबे समय तक काम करने से गर्दन, पीठ और कंधों में दर्द की समस्या बढ़ जाती है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो एक जगह बैठकर स्क्रीन पर काम करते हैं, तो हर 30 से 45 मिनट में कुछ देर का ब्रेक लेना जरूरी है. सही पोस्चर अपनाकर और सही समय पर ब्रेक लेने से इन परेशानियों से बचा जा सकता है.
Why Screen Break Necessary for Health: आज पूरी दुनिया में डिजिटलाइजेशन का दौर चल रहा है. हर जगह ऑनलाइन काम होने लगे हैं और अधिकतर लोग मोबाइल, कंप्यूटर और लैपटॉप पर काम करते हैं. अधिकतर जगहों पर आपको स्क्रीन नजर आ जाएंगी. डिजिटल युग में बड़ी संख्या में लोग घंटों एक ही जगह बैठकर काम करते हैं. यह आदत धीरे-धीरे शरीर पर बुरा असर डालती है. गर्दन दर्द, कंधों में जकड़न, पीठ दर्द और सर्वाइकल जैसी समस्याएं अब सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि युवा भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह गलत पोस्चर और बिना ब्रेक लगातार काम करना है.
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार कंप्यूटर पर काम करते समय सही पोस्चर अपनाना बेहद जरूरी है. स्क्रीन को आंखों के लेवल पर या थोड़ा नीचे रखना चाहिए, ताकि गर्दन आगे की ओर झुकने से बचे. पीठ सीधी रखें, कंधे रिलैक्स्ड हों और गर्दन को पर्याप्त सपोर्ट मिले. कुर्सी ऐसी होनी चाहिए जो कमर को सपोर्ट दे और बैठते समय शरीर का वजन बराबर तरीके से वितरित हो. कीबोर्ड और माउस की पोजिशन भी उतनी ही अहम है. कीबोर्ड को इस तरह रखें कि हाथों की कोहनी लगभग 90 से 100 डिग्री के एंगल पर रहें. इससे कंधों और गर्दन पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता है. कीबोर्ड को एल्बो लेवल के आसपास या थोड़ा नीचे रखना बेहतर माना जाता है. हाथों को हवा में लटकाकर टाइप करने से मसल्स जल्दी थक जाती हैं और दर्द बढ़ सकता है.
एक्सपर्ट्स हर 30 से 45 मिनट में ब्रेक लेने की सलाह देते हैं. लंबे समय तक लगातार बैठे रहने से मांसपेशियां अकड़ जाती हैं और ब्लड सर्कुलेशन भी प्रभावित होता है. ब्रेक के दौरान उठकर थोड़ा टहलना, गर्दन को हल्का आगे-पीछे और दाएं-बाएं घुमाना बेहद फायदेमंद होता है. रोजाना नेक रेंज ऑफ मोशन एक्सरसाइज करने से मांसपेशियां मजबूत होती हैं और दर्द की संभावना कम होती है. नियमित एक्सरसाइज, सही पोस्चर और समय-समय पर ब्रेक लेने से ऑफिस वर्कर्स की सेहत को लंबे समय तक बेहतर रखा जा सकता है. अगर गर्दन, कंधे या पीठ का दर्द लगातार बना रहे या बढ़ता जाए, तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से सलाह जरूर लें. छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी समस्याओं से बचा जा सकता है.
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि लैपटॉप पर काम करने वालों के लिए लैपटॉप स्टैंड का इस्तेमाल करना बेहद फायदेमंद होता है. लैपटॉप की स्क्रीन आमतौर पर नीचे होती है, जिससे सिर झुकाकर देखने की आदत बन जाती है और ‘टेक नेक’ की समस्या पैदा होती है. स्टैंड की मदद से स्क्रीन को आंखों के लेवल पर लाया जा सकता है. इसके साथ एक्सटर्नल कीबोर्ड और माउस का उपयोग करने से गर्दन और कंधों पर पड़ने वाला तनाव काफी हद तक कम हो जाता है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें