शिवपुरी जिला अस्पताल में सफाईकर्मियों की हड़ताल: मैनेजर पर मारपीट और वेतन घटाने का आरोप; 10 हजार की जगह 7 हजार देने पर बढ़ा विवाद – Shivpuri News


शिवपुरी जिला अस्पताल में गुरुवार को आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों और कंपनी के मैनेजर के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ गई। वेतन घटाने और छुट्टियों को लेकर हुए विवाद के बाद नाराज सफाईकर्मियों ने काम बंद कर दिया और कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं, मैनेजर ने भी कर्मचारियों पर हाथापाई का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि आउटसोर्स कंपनी ‘संजोग’ के नए मैनेजर राज यादव पिछले कुछ दिनों से करीब 50 कर्मचारियों को परेशान कर रहे हैं। गुरुवार को बुलाई गई बैठक में मैनेजर ने मासिक वेतन 10,500 रुपये से घटाकर 7,000 रुपये करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही कहा गया कि छुट्टी नहीं मिलेगी और अगर कोई छुट्टी पर गया तो उसकी जगह दूसरे को रख लिया जाएगा। कर्मचारी दिनेश वाल्मीक ने जब इस प्रस्ताव का विरोध किया, तो मैनेजर राज यादव ने कथित तौर पर उसकी कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। जब दिनेश की पत्नी बीच-बचाव करने आई, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। मैनेजर बोले- वेतन कटौती की बात झूठ दूसरी ओर, कोतवाली पहुंचे मैनेजर राज यादव (निवासी शहडोल) ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारियों द्वारा बार-बार लंबी छुट्टियां लेने से अस्पताल की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। बैठक में केवल यह निर्देश दिए गए थे कि चार निर्धारित छुट्टियों से अधिक लेने पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेतन कटौती को लेकर कोई बात नहीं कही गई थी और उल्टे कर्मचारियों ने ही उनके साथ हाथापाई की है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *