कांग्रेस ने मंदसौर नगर पालिका का घेराव किया: अवैध होर्डिंग हटाने और आदर्श मार्ग बनाने की मांग; कहा- हटाए गए ठेले वालों को रोजगार दो – Mandsaur News


मंदसौर में कांग्रेस ने शहर के प्रस्तावित आदर्श मार्ग को अवैध होर्डिंग्स और अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त कराने की मांग उठाई है। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौराहा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से नगर पालिका परिषद तक मार्च निकाला। यहां नारेबाजी करते हुए उन्होंने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विशेष रूप से मांग की गई है कि प्रस्तावित आदर्श मार्ग पर स्थित महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के बाहर लगे होर्डिंग को हटाया जाए। इसके साथ ही, शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे सभी अवैध होर्डिंग्स को तत्काल हटाने की बात कही गई। कांग्रेस नेताओं ने तर्क दिया कि अवैध होर्डिंग शहर की सुंदरता को प्रभावित करने के साथ-साथ यातायात और सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। बेरोजगार हुए दुकानदारों को मिले जगह कांग्रेस ने नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे से हटाए गए हाथ ठेला और दुकानों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि इस कार्रवाई से बेरोजगार हुए व्यापारियों को वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके परिवारों के जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को कम किया जा सके। पार्किंग बनाएं, नहीं तो होगा प्रदर्शन ज्ञापन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थलों के निर्माण की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी। ये नेता रहे मौजूद इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सचिव राजेश सिंह रघुवंशी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनजीत सिंह टटेजा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मो. हनीफ शेख, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इष्टा भाचावत और नपा में नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी उपस्थित थे। इनके साथ ही, जिला कांग्रेस पदाधिकारियों में अजय लोढ़ा, राजनारायण लाड़, कमलेश सोनी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। देखिए तस्वीरें… .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *