सतना। कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब रघुराजनगर तहसील में पदस्थ एक कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय मिश्रा के रूप में हुई है, जो रघुराजनगर तहसील में सेक्शन राइटर के पद पर कार्यरत थे।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे संजय मिश्रा तहसील कार्यालय में अपने नियमित कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वे कुर्सी से गिर पड़े।
सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें संभाला और प्राथमिक मदद देते हुए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत निजी वाहन से अस्पताल रवाना किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि संजय मिश्रा लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और इलाज भी चल रहा था। इसके बावजूद वे नियमित रूप से कार्यालयीन कार्य कर रहे थे।
अचानक हुई इस घटना से कार्यालय में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्ट्रेट और तहसील के अधिकारी-कर्मचारी गहरे सदमे में नजर आए।
संजय मिश्रा की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजे जाने की तैयारी की गई।
इस दुखद घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में शोक का माहौल है। सहकर्मियों ने संजय मिश्रा को एक कर्मठ, सरल और जिम्मेदार कर्मचारी बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
.