₹300000 है जमापूंजी तो शुरू कर दें ये तगड़ा बिजनेस, सालभर कम नहीं होती डिमांड, रोज का गल्ला 3,000

मोहन ढाकले/बुरहानपुर. अगर आप बेरोजगार हैं या नौकरी से हटकर कुछ अपना करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके काम की है. बुरहानपुर में बच्चों के कपड़ों का ऐसा बिजनेस चल रहा है, जिसे सिर्फ ₹3 लाख की लागत में शुरू किया जा सकता है और जिससे रोज़ाना ₹2 से ₹3 हजार तक की कमाई संभव है.

आज के समय में बच्चों के कपड़ों की डिमांड हर मौसम में बनी रहती है. त्योहार हो, शादी-ब्याह हो या फिर रोजमर्रा की जरूरत बच्चों के कपड़े हमेशा बिकते हैं. इसी डिमांड को पहचानकर कई लोग अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं.

₹3 लाख में कैसे शुरू हुआ बिजनेस

कमल टॉकीज क्षेत्र में कपड़ों का कारोबार कर रहे योगेश महाजन बताते हैं कि उन्होंने भी इसी तरह से बच्चों के रेडीमेड कपड़ों की दुकान शुरू की थी. शुरुआत में उन्होंने करीब ₹3 लाख का निवेश किया और आज उनका बिजनेस अच्छे से चल रहा है.

योगेश के मुताबिक, अगर सही जगह पर दुकान हो और माल ट्रेंडिंग हो, तो ग्राहक खुद खिंचे चले आते हैं. दिल्ली, मुंबई और गुजरात जैसे बड़े शहरों से फैशनेबल बच्चों के कपड़े लाकर लोकल मार्केट में बेचे जाते हैं, जिन्हें लोग काफी पसंद करते हैं.

कहां से लाएं माल, कैसे बढ़ेगी कमाई
योगेश बताते हैं कि महानगरों में बच्चों के रेडीमेड कपड़े काफी सस्ते दामों में मिल जाते हैं. करीब ₹200 से ₹300 में एक जोड़ी कपड़े थोक में मिल जाती है, जिसे यहां अच्छे मार्जिन पर बेचा जा सकता है. बड़े शहरों में नई-नई डिजाइन और वैरायटी मिलती है, जो छोटे शहरों में जल्दी बिकती है. यही वजह है कि इस बिजनेस में रोज़ाना ₹2–3 हजार तक की कमाई हो जाती है और सालाना इनकम लाखों में पहुंच सकती है.

बिजनेस शुरू करने के लिए क्या-क्या चाहिए
अगर आप बच्चों के कपड़ों का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, तो सबसे पहले एक अच्छी लोकेशन पर दुकान लेना जरूरी है. इसके लिए ₹15 से ₹20 हजार तक का किराया मानकर चल सकते हैं. इसके बाद करीब ₹1 लाख का फर्नीचर जैसे रैक, काउंटर और लाइटिंग पर खर्च होगा. बाकी ₹2 लाख रुपए का रेडीमेड बच्चों का माल खरीदकर दुकान में सजाया जा सकता है. इतना करने के बाद आपका बिजनेस पूरी तरह से शुरू हो जाएगा.

नए लोगों के लिए सुनहरा मौका
योगेश महाजन का कहना है कि अगर आप मेहनत करने को तैयार हैं और ट्रेंड समझते हैं, तो यह बिजनेस आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है. खास बात यह है कि इसमें रिस्क कम और डिमांड लगातार बनी रहती है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *