दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने रविवार सुबह स्वच्छता अभियान के तहत साइकिल चलाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अभियान में टीम उम्मीद के सदस्य, नगर पालिका के ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल, डॉक्टर, शिक्षा विभाग के अधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए। साइकिल रैली की शुरुआत जटाशंकर से हुई और यह शहर के करीब आधा दर्जन मार्गों से गुजरी। रैली के बाद स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। टीम उम्मीद पिछले 11 सप्ताह से हर रविवार को स्वच्छता अभियान चला रही है। पिछले अभियानों में टीम ने सर्किट हाउस के चारों ओर फैले कचरे को साफ किया था, जिसमें कलेक्टर की भी सहभागिता रही थी। इस रविवार, टीम के सदस्यों ने कलेक्टर के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए साइकिल चलाने का विचार किया। सभी प्रतिभागी जटाशंकर चौराहे पर एकत्रित हुए। साइकिल चलाते हुए पूरे शहर में स्वच्छता संबंधी नारे लगाए गए और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कलेक्टर ने साइकिल चलाकर यह संदेश भी दिया कि साइकिलिंग से शरीर स्वस्थ रहता है और पर्यावरण का संरक्षण भी होता है। यह रैली जटाशंकर तिराहा से कीर्ति स्तंभ, घंटाघर, एवरेस्ट लाज, बस स्टैंड, किल्लाई नाका होते हुए स्टेडियम पहुंची। स्टेडियम के मुख्य द्वार के पास स्वच्छता अभियान चलाया गया, जहाँ पड़े कचरे को एकत्रित कर उसका निपटान किया गया। इसके बाद एलोरा कॉलोनी में साइकिल रैली का समापन हुआ। .