दीपक पांडेय/खरगोन: आज 24 जनवरी 2026, दिन शनिवार है. सिंह राशि के जातकों के लिए आज का दिन मिला जुला असर देने वाला रह सकता है. कुछ कामों में मेहनत ज्यादा करनी पड़ेगी, जबकि कुछ मामलों में धैर्य की परीक्षा होगी. आज वाणी पर नियंत्रण रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि जल्दबाजी या कड़वे शब्द बनते काम बिगाड़ सकते हैं. करियर, व्यापार या निजी जीवन से जुड़े बड़े फैसलों में सोच समझकर कदम उठाना ही फायदेमंद रहेगा.
खरगोन जिले के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य एवं धर्म गुरु पंडित महेंद्र कुमार शुक्ला के अनुसार, आज सिंह राशि के जातकों को हर काम में अतिरिक्त प्रयास करना पड़ सकता है. मन में बेचैनी या असमंजस की स्थिति रह सकती है. ऐसे में जरूरी है कि आप किसी भी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें. आज का दिन संयम और संतुलन बनाए रखने का है. यदि आप धैर्य से काम लेंगे तो दिन का असर आपके पक्ष में भी जा सकता है.
सिंह राशि करियर और शिक्षा राशिफल
करियर और शिक्षा के क्षेत्र में आज सफलता पाने के लिए मेहनत का स्तर बढ़ाना होगा. विद्यार्थियों को पढ़ाई में मन लगाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़ेंगे. ध्यान भटक सकता है, लेकिन नियमित अभ्यास से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं. नौकरीपेशा लोगों को दिन की शुरुआत शांत दिमाग से करनी चाहिए. दफ्तर में किसी सहकर्मी या अधिकारी से वाद विवाद से बचें. आज प्रमोशन या नई जिम्मेदारी को लेकर कोशिश करना ज्यादा लाभ नहीं देगा. नई नौकरी के लिए आवेदन करने का समय भी अनुकूल नहीं है, इसलिए इन कामों को फिलहाल टालना ही सही रहेगा.
सिंह राशि स्वास्थ्य राशिफल
स्वास्थ्य के लिहाज से आज सिंह राशि के जातकों को सतर्क रहने की जरूरत है. पैरों में चोट लगने या फिसलने की संभावना बन रही है. वाहन में चढ़ते उतरते समय या बाहर आते जाते समय सावधानी बरतें. जो लोग लंबे समय से नजला या जुकाम से परेशान हैं, उन्हें आज इलाज का लाभ मिल सकता है. आने वाले दिनों में स्वास्थ्य में धीरे धीरे सुधार महसूस होगा.
व्यापार और आर्थिक स्थिति
व्यापार और पैसों के मामले में आज का दिन मध्यम कहा जा सकता है. बहुत बड़े लाभ की उम्मीद न रखें. आमदनी और खर्च की स्थिति लगभग समान बनी रहेगी. रुका हुआ पैसा आज मिलने की संभावना कम है, लेकिन प्रयास जारी रखना जरूरी है. आने वाले समय में इसका फायदा मिल सकता है. खास बात यह है कि आज दाल यानी दलहन से जुड़े व्यापारियों के लिए लाभ के योग बन रहे हैं. इस सेक्टर में निवेश करना आगे चलकर फायदेमंद साबित हो सकता है.
लव लाइफ और पारिवारिक जीवन
सिंह राशि के जातकों की लव लाइफ और पारिवारिक संबंध आज सामान्य रहेंगे. हालांकि छोटी छोटी बातों पर विवाद हो सकता है. आपकी वाणी रिश्तों में तनाव पैदा कर सकती है, इसलिए सोच समझकर बोलें. परिवार के साथ समय बिताने से मन हल्का रहेगा और गलतफहमियां भी दूर होंगी.
इन बातों का रखें ध्यान
ज्योतिषाचार्य महेंद्र शुक्ला के अनुसार, आज शनिवार के साथ गुप्त नवरात्रि का छठा दिन है. सिंह राशि के जातक आज हनुमानजी के साथ माता रानी का दर्शन करें. तिल का दीपक जलाना शुभ रहेगा. इससे मानसिक शांति मिलेगी और दिन का प्रभाव बेहतर हो सकता है.
.