अशोकनगर जिले में करीब एक पखवाड़े बाद मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। शनिवार सुबह 8 बजे से आसमान में घने बादल छाने और कोहरे की परत दिखने के साथ ही सर्द हवाएं चलने लगीं, जिससे ठंड का असर काफी बढ़ गया है। इससे पहले जनवरी में ठंड कम हो गई थी, लेकिन अब फिर से ठिठुरन महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इससे एक दिन पहले तक जिले में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया था। जनवरी माह में दिन और रात दोनों समय ठंड का असर कम हो गया था। हालांकि, अब मौसम बदलने से सर्दी फिर बढ़ गई है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। कोहरे और बादल छंटने के बाद बढ़ेगी ठंड मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। कोहरा छाए रहने और आने वाले दिनों में बादल हटने से टेंपरेचर में भी गिरावट होगी, जिससे ठंड और बढ़ेगी। विभाग के अनुसार, बादल छाए रहने के साथ-साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। जनवरी की शुरुआत में था घना कोहरा गौरतलब है कि जनवरी महीने के शुरुआती दिनों में जिले में मौसम में काफी परिवर्तन देखा गया था। तब चार-पांच दिनों तक घना कोहरा छाया रहा और कड़ाके की ठंड पड़ी थी। लेकिन पहले सप्ताह के बाद मौसम में बदलाव आया और धीरे-धीरे ठंड का असर कम होता चला गया था। दूसरे पखवाड़े की शुरुआत तक अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमानों में वृद्धि के साथ ठंड का प्रभाव काफी घट गया था। देखिए तस्वीरें… .