हरदा में दो शातिर चोर पकड़े, चोरी की बाइक जब्त: पूजन करने गए युवक ने पेड़ीघाट पर पार्क की थी बाइक, कोर्ट ने भेजा जेल – Harda News


हरदा। जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की एक बाइक, एक मोबाइल फोन और एक टैब बरामद किया है। बुधवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई 19 जनवरी को हुई एक बाइक चोरी की घटना से जुड़ी है। ग्वाल नगर निवासी धर्मेंद्र पिता बलराम जाट पूजन सामग्री विसर्जित करने अजनाल नदी के पेड़ीघाट गए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल सड़क पर खड़ी की थी, लेकिन वापस आने पर वह गायब मिली। दोनों मामले में एक ही निकला आरोपी
इसके अलावा, 21 जनवरी को ग्राम रहटॉखुर्द के एक मकान से रात के समय मोबाइल और टैब की चोरी हुई थी। इन दोनों मामलों को लेकर सिविल लाइन थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति थाना क्षेत्र की अभिषेक ग्रीन कॉलोनी के पास एक बाइक और मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। इस सूचना पर थाने की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपियों को जेल भेजा
टीआई आरएस तिवारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी राहुल उर्फ संजू नाई और देवा उर्फ डाँगी शातिर चोर हैं। उनके खिलाफ पहले भी दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइक क्रमांक एमपी 47 एम एन 5391, एक मोबाइल और एक टैब जब्त किया है, जिनकी कुल कीमत करीब एक लाख रुपये है। बुधवार शाम को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपियों को पकड़ने में एएसआई संजय ठाकुर, हेड कॉन्स्टेबल करण साहू, विजय प्रजापति, आरक्षक वीरेंद्र राजपूत और भगवान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी कुछ दिन पहले ही जेल से छूटे थे और उसके बाद उन्होंने फिर से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *