आगर मालवा | कांग्रेस ने एसआईआर में मतदाता सत्यापन की अनियमितताओं पर बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम एडीएम आरपी वर्मा को ज्ञापन सौंपा और सही तरीके से सत्यापन की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर और एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव अंकुश भटनागर ने ज्ञापन में कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2025-2026 के तहत दावे और आपत्तियों की सुनवाई 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित है, लेकिन अब तक राजनीतिक दलों को इस संबंध में जानकारी नहीं दी गई। कांग्रेस ने आयोग से प्राप्त दावे और आपत्तियों की जानकारी नियमित रूप से राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराने की मांग की और कहा कि केवल आयोग द्वारा छपवाए गए फॉर्म ही स्वीकार किए जाएं। साथ ही, एक बूथ पर एक दिन में 15 से अधिक फॉर्म न स्वीकार किए जाएं। कांग्रेस ने यह भी सुनिश्चित करने की मांग की कि नाम जोड़ने और घटाने के लिए प्राप्त दावे और आपत्तियों की सुनवाई संबंधित मतदाता की उपस्थिति में हो। .