Last Updated:
Dahi Raita Recipe: थाली का स्वाद बढ़ाना हो या पाचन दुरुस्त रखना, तो घर पर ही तैयार करें ढाबा स्टाइल दही रायता. भुने जीरे और काली मिर्च के सीक्रेट मसाले से तैयार यह रेसिपी न केवल कब्ज से राहत दिलाती है, बल्कि होटल जैसा जायका भी देती है. इसे खाकर हर कोई उंगलियां चाटने पर मजबूर हो जाएगा.
दरभंगाः अक्सर हम बाहर का चटपटा खाना खाकर अपनी सेहत बिगाड़ लेते हैं, लेकिन अगर घर पर ही होटल और ढाबे जैसा स्वाद मिल जाए, तो बात ही कुछ और है. दरभंगा के जायका विशेषज्ञों की मानें तो खाने की थाली में अगर दही का रायता शामिल हो, तो न केवल भोजन का स्वाद दोगुना हो जाता है, बल्कि यह आपकी सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें पाचन की समस्या या कब्जियत रहती है, उनके लिए यह पारंपरिक रेसिपी रामबाण इलाज है.
सीक्रेट मसाले का जादू
इस स्पेशल ‘ढाबा स्टाइल’ रायते को बनाने की शुरुआत एक खास सीक्रेट मसाले से होती है. इसके लिए आपको सबसे पहले एक कड़ाही में थोड़ा जीरा, सूखी लाल मिर्च और काली मिर्च (मारीच) को करीब 5 मिनट तक हल्का भूनना है. जब इनमें से सोंधी खुशबू आने लगे, तो इन्हें पीसकर एक खुशबूदार पाउडर तैयार कर लें. यही वह मसाला है जो आपके साधारण रायते को शाही स्वाद देगा. अब एक बड़े बर्तन में ताजा गाढ़ा दही लें और उसे तब तक फेंटें जब तक कि वह पूरी तरह चिकना न हो जाए.
इसके बाद दही में तैयार किया हुआ भुना मसाला, बारीक कटा हुआ खीरा, टमाटर और प्याज मिलाएं. स्वाद को संतुलित करने के लिए इसमें एक चम्मच चीनी, काला नमक, चाट मसाला और थोड़ा जलजीरा पाउडर डालें. बारीक कटी हरी मिर्च तीखेपन का तड़का लगाएगी. इन सबको अच्छे से मिक्स करने के बाद आपका लाजवाब दही रायता तैयार है. इसे आप गरमा-गरम पूरी, पराठा या सादे चावल के साथ परोस सकते हैं.
सेहत के लिए फायदेमंद
सेहत के नजरिए से देखें तो दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स हमारे इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं और शरीर को अंदर से ठंडा रखते हैं. यह एक ऐसा पौष्टिक विकल्प है जिसे बच्चे और बड़े सभी उंगलियां चाटकर खाएंगे. तो देर किस बात की, आज ही अपनी रसोई में इस आसान विधि को आजमाएं और घर वालों से तारीफें बटोरें.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
.