क्या चुकंदर खाने से एनीमिया ठीक होता है? खून की कमी होने पर क्या खाना ज्यादा फायदेमंद, जानें एक्सपर्ट क्या कहते हैं

एनीमिया जिसे खून की कमी भी कहा जाता है, एक ब्लड डिसऑर्डर है. यानी कि खून में होने वाली एक तरह की गड़बड़ी, जिसमें रेड ब्लड सेल्स पर्याप्त नहीं बन पाते हैं, ठीक तरह से काम नहीं कर पाते हैं. वैसे तो एनिमिया ऑटोइम्यूनिटी, शरीर में लंबे समय से सूजन, विटामिन बी12 की कमी जैसे कई कारणों से हो सकता है. लेकिन आयरन की कमी एनिमिया का सबसे कॉमन कारण है. यदि आप आयरन रिच डाइट नहीं ले रहे हैं, तो आप इसके रेड लाइन में आ सकते हैं.

एनीमिया बच्चों और महिलाओं में सबसे ज्यादा कॉमन होता है. एक डेटा के अनुसार, भारत की 4 में से 3 महिलाएं पर्याप्त आयरन नहीं ले रही हैं. शरीर में आयरन की कमी के लक्षण बहुत ही मामूली रूप में नजर आते हैं. अक्सर एनिमिया के लक्षणों से जूझ रहे लोगों को यही सलाह दी जाती है कि खून की कमी है तो चुकंदर खाओ! लेकिन क्या एनीमिया में होने वाली परेशानी सिर्फ चुकंदर से कंट्रोल हो सकती है? चलिए एक्सपर्ट से जानते हैं.

क्या चुंकदर खाने से एनीमिया ठीक हो जाएगा?
प्राची जैन मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वैशाली के न्यूट्रिशन एवं डायटेटिक्स डिपार्टमेंट की हेड और सीनियर मैनेजर है, उन्होंने बताया कि यह धारणा पूरी तरह सही नहीं है. चुकंदर सेहत के लिए अच्छा जरूर है, लेकिन इसे एनीमिया का इलाज मान लेना एक भ्रम हो सकता है.

एनीमिया में चुकंदर कैसे मदद मिलती है?
चुकंदर में आयरन की मात्रा बहुत कम होती है. 100 ग्राम चुकंदर में लगभग 0.8 मिलीग्राम आयरन पाया जाता है, जो शरीर की रोजाना जरूरत को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है. चुकंदर शरीर की ऊर्जा बढ़ाने और पाचन को बेहतर करने में मदद करता है. इसमें मौजूद फोलेट और एंटीऑक्सीडेंट्स लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में सहायक होते हैं, लेकिन अकेले चुकंदर से गंभीर एनीमिया ठीक नहीं किया जा सकता.

खून की कमी में कौन से फूड्स ज्यादा असरदार हैं
एक्सपर्ट बताते हैं कि एनीमिया से उबरने के लिए आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करना जरूरी है. इसके लिए आप हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी और सरसों, दाल, चना, राजमा और सोयाबीन को डाइट में शामिल कर सकते हैं. इसके अलावा जो लोग नॉन-वेज खाते हैं, उनके लिए अंडा, मछली और लाल मांस आयरन का बेहतर स्रोत होते हैं क्योंकि इनमें मौजूद आयरन शरीर द्वारा आसानी से अवशोषित होता है. इसके अलावा, खजूर, किशमिश, अनार और सेब जैसे फल भी सहायक होते हैं, खासकर जब इन्हें संतुलित आहार के हिस्से के रूप में लिया जाए.

आयरन के अवशोषण को कैसे बढ़ाएं
यदि आपका शरीर आयरन को एब्जोर्ब नहीं कर पा रहा है, तो आप कितने ही आयरन रिच फूड्स खा लें खून की कमी की समस्या नहीं खत्म होगी. इसलिए आयरन के साथ विटामिन C लेना भी जरूरी होता है. एक्सपर्ट आयरन रिच फूड्स के साथ नींबू, आंवला या संतरा शामिल करना फायदेमंद होता है. वहीं, चाय और कॉफी भोजन के तुरंत बाद पीने से बचना चाहिए क्योंकि ये आयरन के अवशोषण को कम कर देती हैं.

Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *