Harmful Fish Species: थाई मांगोर (Thai Mangur) मछली स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए गंभीर खतरा है. यह गंदे और दूषित पानी में पली जाती है, जिससे इसके शरीर में हानिकारक टॉक्सिन और सीसा (लेड) जमा हो जाता है, जो पेट, किडनी, लीवर और लंबे समय में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है. यह मछली तालाबों और जलाशयों की छोटी स्थानीय मछलियों को नष्ट कर जलीय इकोसिस्टम को नुकसान पहुंचाती है. सरकार ने थाई मांगोर मछली पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है और इसका पालन या बिक्री करना कानूनन अपराध है. नियम तोड़ने पर पहले नोटिस दिया जाता है और इसके बावजूद पालन न करने पर धारा 270 के तहत कानूनी कार्रवाई होती है. इसके अलावा किसी तालाब या जल स्रोत में यह मछली पाए जाने पर उसे पकड़ने और नष्ट करने का खर्च संबंधित व्यक्ति या लाभार्थी को वहन करना पड़ता है. फिशरी विभाग ने जनता और मछली पालकों से अपील की है कि वे केवल सुरक्षित और वैध मछली प्रजातियों का पालन और सेवन करें.