बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में ‘गजरक्षक’ ऐप का उपयोग शुरू: कर्मचारियों ले रहे ट्रेनिंग, जंगली हाथियों पर रखी जाएगी नजर – Umaria News


उमरिया। बाघों के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में अब जंगली हाथियों ने भी अपना स्थायी निवास बना लिया है। इन हाथियों की मौजूदगी से जंगल और आसपास के इलाकों में दहशत बनी रहती है। इसी को देखते हुए, अब टाइगर रिजर्व में जंगली हाथियों की निगरानी के लिए ‘गजरक्षक’ ऐप का उपयोग किया जा रहा है। ‘गजरक्षक’ ऐप को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के साथ-साथ शहडोल डिवीजन, उमरिया डिवीजन और आसपास के वन क्षेत्रों से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों के मोबाइल में इंस्टॉल कराया गया है। यह ऐप हाथियों की गतिविधियों पर नज़र रखने में सहायक सिद्ध हो रहा है। फील्ड में निगरानी और सर्चिंग कर रहे कर्मचारी हाथी को देखने के बाद उसकी विस्तृत जानकारी ऐप में दर्ज करते हैं। इसमें हाथी की दिशा, उसकी वर्तमान स्थिति और लाइव लोकेशन के साथ फोटो खींचकर अपडेट किया जाता है। जानकारी अपडेट होते ही, ऐप इंस्टॉल किए हुए अन्य कर्मचारियों के पास तुरंत नोटिफिकेशन पहुंच जाता है, जिससे निगरानी में काफी मदद मिलती है। ऐप को और अधिक सरल बनाने के लिए इसमें वॉइस रिकॉर्डिंग का विकल्प भी दिया गया है। इसके माध्यम से फोटो अपलोड करने के बाद वॉइस रिकॉर्डिंग के जरिए भी हाथियों का विवरण अपडेट किया जा सकता है। यह सुविधा विशेष रूप से उन सुरक्षा श्रमिकों के लिए जोड़ी गई है, जिन्हें मोबाइल चलाने में कठिनाई होती है, ताकि वे भी हाथियों की लाइव लोकेशन आसानी से डाल सकें। ऐप का सरलता से प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए टाइगर रिजर्व प्रबंधन लगातार विशेषज्ञों के माध्यम से अपने कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिलवा रहा है। यह प्रशिक्षण कर्मचारियों को ऐप की कार्यप्रणाली और उपयोगिता समझाने में मदद करता है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि ऐप के माध्यम से जंगली हाथियों की निगरानी में काफी सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रशिक्षण दे रहे हैं कि ऐप का उपयोग सरलता से हो सके। हमने हाल ही में पनपथा क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया है और यह प्रक्रिया जारी रहेगी ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।” .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *