Last Updated:
Success Story: फिरोजाबाद की पूजा अग्रवाल ने घर पर देवी-देवताओं की पोशाक बनाने का बिजनेस शुरू कर आत्मनिर्भरता हासिल की. सीएम युवा उद्यमी योजना से 5 लाख की मदद मिलने के बाद उनका कारोबार तेजी से बढ़ा. आज उनके ऑर्डर कई राज्यों से आते हैं और अच्छी मासिक आय हो रही है.
फिरोजाबाद : शादी के बाद घर की दहलीज को लांघकर बाहर नौकरी करना हर महिला के लिए आसान नहीं है. घर की कमजोर आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए पति दिन रात बाहर जाकर मेहनत मजदूरी करता है, लेकिन महिला परिवार की जिम्मेदारियों में घिरी होने के कारण घर से बाहर नहीं निकल पाती है. वहीं अगर एक महिला चाहे तो घर पर रहकर भी तरक्की को हासिल कर सकती है. फिरोजाबाद में रहने वाली एक महिला ने घर पर ही एक ऐसा बिजनेस शुरू किया कि इस कारोबार से उसकी किस्मत ही बदल गई. यह महिला आत्मनिर्भर बन दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है. इतना ही नहीं अब महिला के सपनों को उड़ान देने के लिए यूपी सरकार की उद्यमी योजना से भी लाखों की मदद मिल गई है, जिससे अब महिला का यह बिजनेस अच्छा मुकाम हासिल करेगा. महिला अब घर पर अन्य कारीगरों के साथ देवी देवताओं की पोशाक बनाकर दूर दूर तक बेचेगी, जिससे उसकी और अच्छी इनकम होगी.
घर पर सिलकर बनाती है देवी देवताओं की पोशाक, प्रसिद्ध मंदिरों से मिलते हैं अच्छे ऑर्डर
फिरोजाबाद के जलेसर रोड स्थित रामकृष्ण नगर में रहने वाली पूजा अग्रवाल ने लोकल 18 से बातचीत की.इस दौरान महिला ने बताया कि वह ग्रेजुएट पढ़ी लिखी है और वह देवी देवताओं की पोशाक तैयार करती हैं. उन्होंने शादी से पहले ही सिलाई सीख ली थी और महिलाओं के कपड़े सिलती थी, लेकिन शादी होने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. नौकरी करने के लिए बाहर जाना मुश्किल था. इसलिए उन्होंने मात्र बीस हजार रुपए में अपना बिजनेस शुरू किया. घर पर ही सिलाई मशीन के द्वारा देवी देवताओं की पोशाक बनाना शुरू किया. फिरोजाबाद के कई प्रसिद्ध मंदिरों में जाकर वहां से ऑर्डर लिए और पोशाक बनाकर बेचना शुरू कर दिया. पिछले दस साल से इस काम को कर रही है और फिरोजाबाद, आगरा, राजस्थान के अलावा कई अन्य जगहों से पोशाक तैयार करने के लिए ऑर्डर मिलते हैं. वहीं महिला ने बताया कि वह एक पोशाक को 2 से 3 घंटे में तैयार कर देती है. इसके अलावा लड्डू गोपाल, माता रानी और राधा कृष्ण की मूर्तियों के लिए सुंदर सुंदर पोशाक बनाती हैं.
सीएम युवा उद्यमी योजना से मिली 5 लाख की मदद, लाखों का है टर्नओवर
पोशाक तैयार करने वाली महिला ने बताया कि उनका यह कारोबार बहुत धीमा चल रहा था. इस बिज़नेस को बढ़ाने के लिए उनको लाखों रुपये की जरूरत थी. तभी उनको सीएम युवा उद्यमी योजना के बारे में पता चला. जिसमें उन्होंने आवेदन कर दिया और उन्हें 5 लाख रुपए की मदद मिल गई, जिससे अब वह अपने इस व्यापार को और आगे बढ़ाएंगी. अभी उनके यहां एक पोशाक की कीमत 3500 रु से शुरू होती है और 15 हज़ार रुपए तक की पोशाक तैयार कर देती है. उनकी महीने की अच्छी इनकम है. लेकिन सरकार द्वारा मिली लाखों रुपए की मदद से वह अपनी इनकम को और बढ़ाएंगी.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें
.