Last Updated:
आयुर्वेद चिकित्सक के मुताबिक, इस मिक्स आटे की रोटी सामान्य रोटी से ज्यादा पौष्टिक होती है. इस रोटी में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और फाइबर तीनों मिलते हैं. अजवाइन मिलाने से पाचन बेहतर रहता है और गैस की समस्या नहीं होती. जानें और फायदे…
Healthy Food: गेंहू का आटा भारतीय रसोई की पहचान है. लगभग हर घर में रोजाना उपयोग होता है. लेकिन, अगर आप चाहते हैं कि आपका पाचन तंत्र हमेशा दुरुस्त रहे, पेट साफ रहे और बढ़ती उम्र में भी शरीर ताकतवर रहे, तो अब समय है अपनी रोज की रोटी में एक छोटा सा बदलाव करने का. यह बदलाव बहुत महंगा नहीं. बस विंध्य क्षेत्र की पारंपरिक बिर्रा रोटी को अपनाना है.
विंध्य क्षेत्र में सालों से एक खास तरह की रोटी बनाई जाती है, जिसे स्थानीय भाषा में बिर्रा रोटी कहा जाता है. यह रोटी साधारण गेहूं के आटे से नहीं, बल्कि गेहूं और चने को मिलाकर तैयार किए गए आटे से बनाई जाती है. पुराने जमाने में लोग रोजाना इसी रोटी का उपयोग करते थे और माना जाता है कि इसी संतुलित आहार की वजह से वे लंबे समय तक स्वस्थ रहते थे.
सीधी की रसोइया प्रियंका सिंह के अनुसार, बिर्रा रोटी बनाने के लिए सबसे पहले गेहूं और चने को तय अनुपात में मिलाकर पिसवाया जाता है. इसके बाद इस मिक्स आटे में थोड़ा सा अजवाइन मिलाया जाता है. आटा गूंथते समय इसमें नमक और थोड़ा सा घी या तेल डालना होता है. फिर सामान्य रोटी की तरह ही इसे तवे पर सेंक लिया जाता है. घी के साथ खाने पर इसका स्वाद और पौष्टिकता दोनों बढ़ जाते हैं.
बिर्रा रोटी से इतने फायदे
आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. बालेंद्र शेखर पटेल ने बताया, सामान्य गेहूं की रोटी से हमें मुख्य रूप से कार्बोहाइड्रेट मिलता है, जो शरीर को ऊर्जा देता है. लेकिन, बिर्रा रोटी इससे कहीं ज्यादा फायदेमंद है. इसमें गेहूं के साथ चना मिलाने से प्रोटीन और फाइबर भी भरपूर मात्रा में मिल जाता है. यानी एक ही रोटी से शरीर को कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और फाइबर तीनों पोषक तत्व मिल जाते हैं, जिससे अलग से प्रोटीन युक्त चीजें खाने की जरूरत कम हो जाती है.
हाजमा होगा दुरुस्त
डॉ. पटेल बताते हैं कि चने से कुछ लोगों को गैस या पेट की समस्या हो सकती है, लेकिन बिर्रा रोटी के आटे में अजवाइन मिलाने से यह दिक्कत नहीं होती. अजवाइन पाचन को बेहतर बनाती है और हाजमे को दुरुस्त रखती है. यही वजह है कि यह रोटी पेट के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है.
ताकत का खजाना
पोषण के नजरिए से बिर्रा रोटी को ताकत का खजाना कहा जाता है. इसमें मौजूद प्रोटीन मांसपेशियों को मजबूत करता है, फाइबर पाचन तंत्र को ठीक रखता है और कार्बोहाइड्रेट शरीर को जरूरी ऊर्जा देता है. यही कारण है कि पुराने लोग इसे खाकर लंबी उम्र तक स्वस्थ रहते थे. आज के समय में अगर लोग अपनी रोज की रोटी में यह छोटा सा बदलाव कर लें, तो सेहत से जुड़ी कई समस्याओं से आसानी से बचा जा सकता है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.
.