Last Updated:
Instagram यूज़र्स के लिए बड़ी चेतावनी है. करीब 1.75 करोड़ अकाउंट्स का डेटा डार्क वेब पर लीक होने की रिपोर्ट सामने आई है. जानें खतरा कितना बड़ा है और खुद को कैसे सुरक्षित रखें.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram के यूज़र्स के लिए एक चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. साइबर सुरक्षा कंपनी Malwarebytes की एक ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक इंस्टाग्राम से जुड़े करीब 1.75 करोड़ (17.5 मिलियन) यूज़र्स का डेटा डार्क वेब पर बिक्री के लिए उपलब्ध बताया जा रहा है. इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर यूज़र्स की प्राइवेसी और अकाउंट सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस लीक हुए डेटा में Instagram यूज़र्स की यूज़रनेम, ईमेल आईडी, फोन नंबर और लोकेशन जानकारी शामिल है. साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस तरह की संवेदनशील जानकारी गलत हाथों में जाने से फिशिंग अटैक, अकाउंट हैकिंग और पहचान की चोरी जैसे खतरे कई गुना बढ़ जाते हैं.
Malwarebytes के मुताबिक, इस डेटा का गलत इस्तेमाल शुरू भी हो चुका है. कई यूज़र्स ने बताया है कि उन्हें Instagram की तरफ से ऐसे पासवर्ड रीसेट ईमेल मिले हैं, जिनकी उन्होंने खुद कोई रिक्वेस्ट नहीं की थी. इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि साइबर अपराधी लीक हुए डेटा की मदद से अकाउंट्स तक गैरकानूनी पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
डार्क वेब पर मौजूद लिस्टिंग्स के अनुसार, यह डेटा 2024 के अंत में स्क्रैप किया गया था. बताया जा रहा है कि यह जानकारी Instagram के पब्लिक API और कुछ रीजनल सोर्स के जरिए इकट्ठा की गई. “Subkek” नाम के एक यूज़र द्वारा इस डेटा को बेचने का दावा किया जा रहा है, जिसमें पूरे ईमेल एड्रेस, फोन नंबर और सीमित लोकेशन डिटेल्स शामिल हैं.
सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि जब साइबर अपराधियों के पास किसी यूज़र की कॉन्टैक्ट डिटेल होती है, तो वे Instagram या Meta के नाम से बहुत ही भरोसेमंद दिखने वाले फर्जी मैसेज और ईमेल भेज सकते हैं, जिससे यूज़र्स आसानी से धोखे का शिकार हो सकते हैं.
फिलहाल Instagram और उसकी पैरेंट कंपनी Meta ने इस डेटा लीक को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. यह भी साफ नहीं है कि डेटा सीधे Instagram सिस्टम से लीक हुआ है या किसी थर्ड पार्टी के जरिए.
कैसे जानें आप सेफ हैं या नहीं?
- अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका अकाउंट प्रभावित हुआ है या नहीं, तो आप haveibeenpwned.com वेबसाइट पर अपना ईमेल या फोन नंबर डालकर जांच कर सकते हैं.
- इसके अलावा, बिना मांगे आए पासवर्ड रीसेट ईमेल या Instagram की Login Activity में अंजान डिवाइस दिखना भी खतरे का संकेत हो सकता है.
- सुरक्षा के लिए सलाह दी जाती है कि यूज़र तुरंत Two-Factor Authentication (2FA) चालू करें, पासवर्ड बदलें, संदिग्ध ईमेल्स को नजरअंदाज करें और Instagram अकाउंट से गैरजरूरी थर्ड पार्टी ऐप्स को हटा दें.
About the Author
Afreen Afaq has started her career with Network 18 as a Tech Journalist, and has more than six years experience in ‘Mobile-Technology’ beat. She is a high-performing professional with an established and proven …और पढ़ें
.