चंदौली: कोरोना महामारी ने लोगों को यह सिखा दिया कि सेहत से बड़ा कुछ नहीं है. पहले जहां फिटनेस को केवल बॉडी बनाने या वजन घटाने से जोड़कर देखा जाता था, वहीं अब लोग स्वास्थ्य को जीवनशैली का अहम हिस्सा मानने लगे हैं. कोरोना के बाद लोगों में इम्यूनिटी, फिटनेस और नियमित व्यायाम को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ी है. इसी कड़ी में आज हम बात कर रहे हैं फिटनेस से जुड़ी कुछ अहम बातों की, जिन पर अक्सर लोग ध्यान नहीं देते हैं.
चंदौली जिले के मुगलसराय स्थित प्लेनेट फिटनेस जिम में मौजूद आशिष कुमार, जो इस जिम के मैनेजमेंट को संभालते हैं और साथ ही डायमंड कैटेगरी के ट्रेनर भी हैं, उन्होंने जिम करने के बाद बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर लोकल 18 से बातचीत में कई जरूरी जानकारियां साझा कीं. आइए जानते हैं कि जिम के दौरान कौन-कौन सी सावधानियां बरतनी चाहिए.
वर्कआउट के दौरान बढ़ जाती है हार्ट बीट
सबसे पहला सवाल जो अक्सर लोगों के मन में रहता है, वह यह है कि क्या जिम से लौटने के बाद तुरंत नहाना चाहिए? इस पर आशिष कुमार ने बताया कि जिम से लौटने के तुरंत बाद नहाना सही नहीं होता है. वर्कआउट के दौरान हमारी हार्ट बीट काफी बढ़ जाती है, ब्लड वेसल्स खुले होते हैं और शरीर पूरी तरह से एक्टिव मोड में रहता है. ऐसे में अगर तुरंत नहा लिया जाए, खासकर ठंडे पानी से, तो शरीर को झटका लग सकता है. इससे चक्कर आना, डिस्कम्फर्ट महसूस होना या बेहोशी जैसी समस्या भी हो सकती है.
आजकल आइस बाथ का चल रहा है ट्रेंड
उन्होंने बताया कि जरूरी है कि जिम के बाद कम से कम 5 से 10 मिनट का समय दें, ताकि हार्ट बीट नॉर्मल हो जाए. अगर कोई व्यक्ति नॉर्मल या गुनगुने पानी से नहाना चाहता है, तो 5 मिनट का वेट पर्याप्त है, लेकिन अगर ठंडे पानी से नहाने की आदत है, तो कम से कम 15 से 20 मिनट का रेस्ट लेना चाहिए. आजकल आइस बाथ का ट्रेंड भी चल रहा है, लेकिन वह हर किसी के लिए सही नहीं होता. यह पूरी तरह व्यक्ति की बॉडी टाइप और फिटनेस लेवल पर निर्भर करता है.
जिम के बाद पी सकते हैं ठंडा पानी
इसके बाद सवाल उठता है कि जिम के दौरान या जिम के बाद ठंडा पानी पीना सही है या नहीं? इस पर आशिष कुमार ने बताया कि आप जिम के दौरान भी और जिम के बाद भी ठंडा पानी पी सकते हैं. ठंडा पानी शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है. हालांकि ध्यान रहे कि एक साथ बहुत ज्यादा पानी न पिएं. थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीना ज्यादा फायदेमंद होता है, क्योंकि ज्यादा पानी एक साथ पीने से पेट में परेशानी या डिस्कम्फर्ट हो सकता है.
जिम के तुरंत बाद नहाना खतरनाक
जिम से लौटने के बाद कौन-कौन सी सावधानियां बरतनी चाहिए, इस सवाल के जवाब में आशिष ने बताया कि जिम के बाद बहुत ज्यादा खास सावधानियों की जरूरत नहीं होती, बस कुछ बेसिक बातों का ध्यान रखना जरूरी है. सबसे पहले अपने फिटनेस गोल के अनुसार डाइट लें. अगर आपका गोल वजन बढ़ाना है, तो हाई प्रोटीन डाइट लें और अगर वजन घटाना है, तो बैलेंस्ड डाइट पर फोकस करें. इसके अलावा जिम के तुरंत बाद न तो नहाना चाहिए और न ही भारी भोजन खाना चाहिए. पहले शरीर को कूल डाउन होने दें.
कुछ सालों में बढ़ी है जिम की संख्या
फिटनेस को लेकर लोगों में बढ़ती जागरूकता पर बात करते हुए आशिष ने बताया कि उनके पास कोई ऑफिशियल डेटा तो नहीं है, लेकिन अगर जिम कल्चर को देखा जाए, तो मुगलसराय, चंदौली और बनारस जैसे इलाकों में पिछले कुछ सालों में जिम की संख्या काफी बढ़ी है. खास बात यह है कि अब केवल युवा ही नहीं, बल्कि 60 साल से ऊपर के लोग भी फिटनेस को प्राथमिकता दे रहे हैं और नियमित वर्कआउट के लिए जिम आ रहे हैं.
सभी को इन बातों का रखना चाहिए ध्यान
प्लेनेट फिटनेस में आने वाले कई मेंबर्स पहले यह मानते थे कि जिम के बाद तुरंत नहाना जरूरी है, लेकिन अब वे समझ चुके हैं कि शरीर को आराम देना कितना जरूरी है. कई लोगों की बॉडी ऐसी होती है कि वे 10-15 मिनट बाद नहा सकते हैं, जबकि कुछ को ज्यादा समय की जरूरत होती है. बता दें कि फिटनेस सिर्फ एक्सरसाइज करने का नाम नहीं है, बल्कि सही जानकारी और सावधानी के साथ वर्कआउट करना ही असली फिटनेस है. इस वीडियो और बातचीत के जरिए आप भी जान सकते हैं कि जिम करते समय और उसके बाद किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.