साफ हवा में सांस लेना हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है. घर और ऑफिस में लगाए गए एयर प्यूरीफायर हवा से धूल, एलर्जी पैदा करने वाले कण और गंदगी को हटाकर हमें साफ हवा देते हैं. लेकिन जैसे हर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को देखभाल की जरूरत होती है, वैसे ही एयर प्यूरीफायर को भी समय-समय पर साफ करना जरूरी होता है.
एयर प्यूरीफायर साफ करने के आसान स्टेप्स
एयर प्यूरीफायर बंद करें और प्लग निकालें
सफाई शुरू करने से पहले मशीन को बंद करें और बिजली के सॉकेट से प्लग निकाल दें. इससे करंट लगने का खतरा नहीं रहता और सफाई सुरक्षित तरीके से हो पाती है. यह नियम हर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की सफाई के लिए जरूरी होता है.
फिल्टर बाहर निकालें
अधिकतर एयर प्यूरीफायर में दो तरह के फिल्टर होते हैं—प्री-फिल्टर और HEPA फिल्टर. प्री-फिल्टर बड़े कणों जैसे बाल, धूल और पालतू जानवरों के रोएं को रोकता है, जबकि HEPA फिल्टर बहुत बारीक धूल और एलर्जी पैदा करने वाले कणों को पकड़ता है. फिल्टर निकालने के लिए मशीन की यूजर मैनुअल जरूर देखें.
फिल्टर की सफाई करें
फिल्टर को साफ करने से पहले कंपनी के निर्देश पढ़ें. कुछ फिल्टर को वैक्यूम किया जा सकता है, जबकि कुछ को हल्के साबुन वाले पानी से धोया जा सकता है. किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे फिल्टर खराब हो सकता है. नरम ब्रश से हल्के हाथ से सफाई करें.
एयर प्यूरीफायर का बाहरी हिस्सा साफ करें
मशीन के बाहरी हिस्से को साफ करने के लिए मुलायम गीले कपड़े या वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करें. एयर इनलेट और आउटलेट होल्स को अच्छी तरह साफ करें, क्योंकि यहीं धूल सबसे ज्यादा जमा होती है.
फिल्टर वापस लगाएं और मशीन चालू करें
सभी फिल्टर सूखने के बाद उन्हें सही जगह पर लगाएं और एयर प्यूरीफायर को दोबारा चालू करें.अब आपका एयर प्यूरीफायर फिर से बेहतर तरीके से काम करेगा.
.