सतना में प्याज की भरपूर पैदावार, प्रोसेसिंग यूनिट लगाने पर लाखों की सब्सिडी

सतना. मध्य प्रदेश के सतना जिला लंबे समय से राज्य के प्रमुख प्याज उत्पादक इलाकों में गिना जाता है. यहां की जलवायु और मिट्टी प्याज की खेती के लिए अनुकूल मानी जाती है, जिसके चलते हर साल बड़ी मात्रा में उत्पादन होता है. हालांकि अधिक पैदावार होने के बावजूद किसानों को कई बार सही कीमत नहीं मिल पाती. मंडियों में अचानक आवक बढ़ने से दाम गिर जाते हैं और भंडारण और प्रोसेसिंग की कमी के कारण प्याज खराब होने का खतरा भी बना रहता है. इसी चुनौती को अवसर में बदलने के लिए अब सरकार किसानों, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को प्याज प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, जिससे कच्चे प्याज की बजाय मूल्य वर्धित उत्पाद बाजार में पहुंच सकें.

प्याज प्रोसेसिंग यूनिट का सबसे बड़ा फायदा यह है कि किसान अब केवल ताजा प्याज बेचने तक सीमित नहीं रहेंगे. प्रोसेसिंग के जरिए प्याज की शेल्फ लाइफ बढ़ाई जा सकती है और बाजार में बेहतर दाम हासिल किए जा सकते हैं. जब प्याज को सुखाकर, पीसकर या पैक कर दिया जाता है, तो वह लंबे समय तक खराब नहीं होती और देश-विदेश के बाजारों में आसानी से बेची जा सकती है. इससे किसानों को दाम गिरने की चिंता से भी राहत मिलती है और उनकी आमदनी स्थिर बनी रहती है.

सरकार दे रही लाखों रुपये का अनुदान
प्याज प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना (PMEGP) के तहत कुल लागत का लगभग 35 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है, जिसकी सीमा अधिकतम 10 लाख रुपये तक हो सकती है. इस योजना का लाभ किसान, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं और छोटे उद्यमी ले सकते हैं. इसके साथ ही बैंक ऋण, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की सुविधा भी दी जाती है ताकि लोग आत्मनिर्भर बन सकें.

कम निवेश में शुरू हो सकता है व्यापार
जानकारों के अनुसार, प्याज प्रोसेसिंग यूनिट लगभग तीन लाख से 10 लाख रुपये के निवेश में शुरू की जा सकती है. इस लागत में मशीनरी, कच्चा माल और शुरुआती संचालन खर्च शामिल होता है. छोटे स्तर पर यूनिट लगाकर भी अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है, खासकर तब जब कच्चा माल यानी प्याज स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो. इससे परिवहन लागत भी कम हो जाती है और मुनाफा बढ़ता है.

क्या-क्या उत्पाद बनाए जा सकते हैं?
प्याज प्रोसेसिंग यूनिट में कई तरह के मूल्य वर्धित उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं. इनमें प्याज पाउडर, प्याज पेस्ट, सूखे प्याज के फ्लेक्स, कटा हुआ प्याज और डिहाइड्रेटेड प्याज प्रमुख हैं. ये उत्पाद रेडी-टू-ईट फूड, सूप, सॉस, मसाले और होटल इंडस्ट्री में बड़े पैमाने पर उपयोग किए जाते हैं. बाजार में इनकी मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे बिक्री की अच्छी संभावनाएं बनती हैं.

महिलाओं और युवाओं के लिए नया रोजगार
लोकल 18 से बातचीत में उद्यान विकास अधिकारी सुधा पटेल ने बताया कि सतना में प्याज का उत्पादन अच्छा होने के कारण यहां प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की अपार संभावनाएं हैं. उन्होंने कहा कि इससे न केवल किसानों को फायदा होगा बल्कि घर बैठी महिलाओं और युवाओं को भी रोजगार मिलेगा. गांव स्तर पर छोटे उद्योग स्थापित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पलायन भी कम होगा. कुल मिलाकर प्याज प्रोसेसिंग यूनिट सतना जिले के किसानों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित हो सकती है. सही योजना, सरकारी सहयोग और आधुनिक तकनीक के साथ किसान अपनी उपज का सही मूल्य पा सकते हैं. इससे न केवल उनकी आय बढ़ेगी बल्कि सतना जिला कृषि आधारित उद्यमिता का एक नया मॉडल भी बनकर उभरेगा.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *