सर्दियों में मूंगफली खाना सभी को पसंद होता है. आप सोचते होंगे कि मूंगफली तो बस खाने वाली ही चीज है, इसे भला कोई बिजनेस कैसे शुरू कर सकता है? लेकिन सूरत के छह दोस्तों ने इसी साधारण मूंगफली से ऐसा कमाल कर दिखाया कि आज उनका बिजनेस करोड़ों में पहुंच गया है. ये कहानी है अल्पिनो पीनट बटर की जो एक छोटी सी सोच से शुरू होकर बड़ा ब्रांड बन गई. ये छह दोस्त चेतन कनानी, हिरेन शेटा, उमेश गजेरा, प्रियांक वोरा, मिलन गोपानी और महतवा शेटा है. वह कॉलेज के समय से साथ में थे. सब बैकबेंचर थे, जिन्हें लोग कहते थे कि इनसे कुछ नहीं होगा नौकरी भी नहीं मिलेगी. लेकिन इनमें से एक के पास जूनागढ़ में मूंगफली का फार्म था और इन्होंने नोटिस किया कि भारत से 90 प्रतिशत मूंगफली विदेश एक्सपोर्ट हो जाती है जहां उससे पीनट बटर बनाकर लोग अच्छा बिजनेस कर रहे हैं.
यही से उन्हें आइडिया आया कि क्यों न वह खुद इससे बिजनेस शुरू कर दें. साल 2016 में इन छह दोस्तों ने मिलकर अल्पिनो कंपनी शुरू की. शुरुआत में सिर्फ 5 लाख रुपये लगाए और पहले ऑर्डर मात्र 800 रुपये का था. लेकिन हिम्मत नहीं हारी. पहले तो एक्सपोर्ट के लिए एस्ट्रेला ओवरसीज नाम से कंपनी बनाई लेकिन फिर भारत में फोकस किया. इसका नाम अल्पिनो रखा जोकि एक दोस्त ने ही सुझाया था और ये नाम सबको पसंद भी आ गया. उस समय मार्केट में कुछ ब्रांड जैसे फन फूड्स और संड्रॉप्स थे जो पीनट बटर को ब्रेड स्प्रेड की तरह बेच रहे थे. लेकिन अल्पिनो ने अलग रास्ता चुना. इन्होंने इसे फिटनेस फूड और प्रोटीन सप्लीमेंट बनाकर मार्केट किया. जिम जाने वालों प्रोटीन लेने वालों और हेल्थ कॉन्शस लोगों को टारगेट किया. ये नेचुरल था कोई शुगर नहीं हाइड्रोजनेटेड ऑयल नहीं, सिर्फ रोस्टेड मूंगफली से बना. हाई प्रोटीन हेल्दी फैट्स और टेस्टी भी.
कई सारे फ्लेवर्स से लोगों का जीता दिल
दूसरे ब्रांड जहां सुपरमार्केट और किराना स्टोर पर फोकस कर रहे थे, वहीं अल्पिनो ने ऑनलाइन शुरू किया. अमेजन- फ्लिपकार्ट जैसे प्लेटफॉर्म पर बेचा और जल्दी ही नंबर वन सेलर बन गया. लोग फिटनेस के लिए इसे पसंद करने लगे. धीरे-धीरे कंपनी ने फ्लेवर्स बढ़ाए जैसे- चॉकलेट, हनी, क्लासिक क्रंची. फिर बादाम बटर मूसली ओट्स और पीनट प्रोटीन पाउडर भी लॉन्च किया. कंपनी की टीम छह से बढ़कर 60 से ज्यादा हो गई. इसी बीच एक बड़ी चुनौती भी आईं, एक बार कंपनी के वेयरहाउस में आग लग गई. सब स्टॉक जल गया सेल्स 90 प्रतिशत गिर गई लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. छह महीने में फिर खड़े हो गए और फिर अल्पिनो 2.0 लॉन्च किया.
कई देशों में बिकते हैं इस कंपनी के प्रोडक्ट्स
आज अल्पिनो 15 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट कर रहा है. 2024 में रेवेन्यू 25 करोड़ से ज्यादा पार कर गया और वैल्यूएशन 100 करोड़ से ऊपर. 2024 में शिल्पा शेट्टी ने निवेश किया और ब्रांड एम्बेसडर बनीं. शार्क टैंक इंडिया में भी कंपनी के फाउंडर्स गए थे जहां उन्हें अच्छी डील मिल गई. अब कंपनी का लक्ष्य अगले कुछ सालों में 500 करोड़ का बिजनेस बनना है. इसके Peanut Butter हजारों रिटेल स्टोर में उपलब्ध है और ऑनलाइन तो टॉप पर है. सिर्फ यही नहीं, चेतन कनानी का नाम फोर्ब्स अंडर 30 में भी शामिल है.
500 करोड़ का कारोबार बनाने की तैयारी
अल्पिनो हेल्थ फूड्स (Alpino Health Foods) ने 31 मार्च 2024 को खत्म हुए वित्त वर्ष में 20.2 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया है, जो करीब 2.4 मिलियन डॉलर के बराबर है. सितंबर 2024 की रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की कमाई में सालाना आधार पर करीब 150% की तेज बढ़त देखने को मिली है. इसी तेजी के दम पर कंपनी ने अगले दो साल में 500 करोड़ रुपये के रेवेन्यू तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है.
इन दोस्तों का साधारण आइडिया और मेहनत ही इतने बड़े सपना को अब पूरा कर रहा है. जहां लोग मूंगफली बेचकर गुजारा करते हैं, वहीं इन दोस्तों ने इसे हेल्दी प्रोडक्ट बनाकर लाखों लोगों तक पहुंचाया. फिटनेस वाले इसे प्रोटीन सोर्स मानते हैं. वहीं, बच्चे टेस्टी स्प्रेड और घरवाले हेल्दी ऑप्शन की तरह देखते हैं. अल्पिनो ने दिखाया कि भारत में भी वैल्यू एडेड प्रोडक्ट्स से बड़ा बिजनेस हो सकता है.
.