श्योपुर जिले में जनवरी के पहले सप्ताह से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कड़ाके की ठंड और शीत लहर के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह के समय घना कोहरा छाने से दृश्यता कई किलोमीटर तक कम हो गई है, जिससे सड़कों पर आवाजाही घट गई है।
.
मंगलवार सुबह भी जिले में घना कोहरा छाया रहा। बिगड़ते मौसम और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अवकाश का निर्णय लिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, श्योपुर जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, आईसीएसई, सीबीएसई, अनुदान प्राप्त और अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए 06 जनवरी 2026 से 07 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, शिक्षक विद्यालयों में उपस्थित रहकर अन्य शासकीय कार्य करेंगे। राज्य स्तरीय परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।
इसी क्रम में, महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी ठंड के मद्देनजर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 06 से 07 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया है। इस अवधि में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं उपस्थित रहकर आवश्यक कार्य संपादित करेंगी।
लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे को देखते हुए, प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

जनवरी में अब तक दर्ज तापमान (डिग्री सेल्सियस):
- 01 जनवरी: अधिकतम 20°, न्यूनतम 10°
- 02 जनवरी: अधिकतम 19°, न्यूनतम 8°
- 03 जनवरी: अधिकतम 18°, न्यूनतम 7°
- 04 जनवरी: अधिकतम 18°, न्यूनतम 7°
