Free Cancer Screening and HPV Vaccination: एम्स नई दिल्ली में लड़कियों और महिलाओं की न केवल फ्री कैंसर स्क्रीनिंग की जा रही है बल्कि उन्हें बिना किसी शुल्क के मुफ्त एचपीवी वैक्सीन भी लगाई जा रही है. 1 जनवरी से शुरू हुआ यह वैक्सीनेशन कार्यक्रम 31 जनवरी तक चलेगा. एम्स (AIIMS) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक बच्चियों और महिलाओं की स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन (HPV Vaccination) के लिए अलग-अलग दिन तय किए गए हैं. हालांकि इसके लिए किसी को लंबी लाइनों में लगकर अपॉइंटमेंट लेने की जरूरत नहीं होगी. घर बैठे फोन पर अपॉइंटमेंट लेकर आप एम्स में इस सुविधा का लाभ उठा सकती हैं. आइए सवाल-जवाबों के माध्यम से विस्तार से जानते हैं इस फेशिलिटी के बारे में…
कहां हो रही स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन?
कैंसर स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन ड्राइव एम्स की नई राजकुमारी अमृत कौर ओपीडी के रूम नंबर 621 में चल रही है.
दिल्ली एम्स की न्यू राजकुमारी अमृत कौर ओपीडी में कैंसर की स्क्रीनिंग और फ्री वैक्सीनेशन हो रहा है.
महिलाओं के कब से कब तक लगेगी वैक्सीन?
एम्स की नई राजकुमारी अमृत कौर ओपीडी में 30 से 65 साल की महिलाएं कैंसर की स्क्रीनिंग और एचपीवी वैक्सीनेशन करा सकती हैं. यह सुविधा सोमवार से शुक्रवार तक मिलेगी. लड़कियां और महिलाएं सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक यहां लाभ उठा सकती हैं.
किस उम्र की लड़कियां लगवा सकती हैं टीका?
सर्विकल कैंसर रोधी एचपीवी वैक्सीन 9 से 14 साल की लड़कियां लगवा सकती हैं.
किस दिन और किस समय तक लगेगी?
लड़कियों के लिए शनिवार का दिन तय किया गया है. सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक यहां स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन किया जा रहा है.
कैसे लें अपॉइंटमेंट?
अगर आप कैंसर स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन के लिए जा रही हैं तो कोशिश करें कि पहले ही अपॉइंटमेंट ले लें. इसके लिए एम्स की ओर से 9355001258 नंबर जारी किया गया है. इस पर फोन करके समय ले सकती हैं और फिर एम्स जा सकती हैं.
एचपीवी वैक्सीन किसलिए लगाई जाती है?
एचपीवी वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के संक्रमण से बचाव करती है. इस वायरस की वजह से गर्भाशय ग्रीवा, गुदा, गला, लिंग, योनि और भग का कैंसर हो सकता है. इसके अलावा यह टीका जननांग मस्सों यानि जेनिटल वार्ट्स को भी रोकता है. इस टीके को पुरुष भी लगवा सकते हैं, हालांकि सबसे ज्यादा खतरा महिलाओं को होने के चलते एम्स में इसे लड़कियों और महिलाओं को फ्री दिया जा रहा है.
अगर हेल्थ संबंधी समस्याओं को लेकर आपका कोई सवाल है तो हमें नीचे दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर लिख भेजें, हम आपके सवालों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से बात कर आपको जवाब देंगे. साथ ही आपका नाम भी गोपनीय रखा जाएगा.
https://wa.me/+918076349631